पूर्वांचल में ठंड का कहर जारी है। शीतलहर और गलन की चपेट में आकर एक बालक समेत सोलह लोगों की मौत हो गई। इनमें मिर्जापुर में सर्वाधिक पांच लोगों की जान गई है। गाजीपुर में तीन, आजमगढ़, भदोही, चंदौली और बलिया में दो-दो जान चली गई। गलन और बर्फीली हवाओं के चलते सुबह-शाम लोगों का घरों से निकलना भी मुश्किल हो गया है। घने कोहरे की वजह से रेल और सड़क यातायात भी प्रभावित हो रहा है।
चंदौली में कंदवा थाना क्षेत्र के मथुरापुर गांव में तरूण बिंद (दो वर्ष) तथा मचवां गांव निवासी रामवचन खरवार (60 वर्ष) की ठंड लगने से मौत हो गई। वहीं आजमगढ़ में रौनापार थाना क्षेत्र के कोलवा अराजी देवारा नैनीजोर गांव निवासी रामलखन (55) के पेट में रात को तेज दर्द शुरू हुआ। रात करीब डेढ़ बजे उसकी मौत हो गई। इसी तरह शहर कोतवाली क्षेत्र के बलरामपुर गांव निवासी गुड्डू (30) को गुरुवार की शाम को अचानक पेट में दर्द के साथ ही उल्टी और दस्त शुरू हो गई। देर रात जिला अस्पताल में उसकी मौत हो गई। मिर्जापुर में विकास खंड सिटी, कोन तथा जमालपुर में ठंड लगने से पांच लोगों की मौत हो गई। विकास खंड कोन के श्रीपट्टी गांव निवासी श्रीराम विश्वकर्मा (58 वर्ष) शुक्रवार की भोर में लघुशंका के लिए उठे थे। इसी दौरान उन्हें ठंड लग गई और मौत हो गई। तिलठी गांव निवासी विजय उपाध्याय (52 वर्ष) ने गुरुवार की रात ठंड लगने से दम तोड़ दिया।
वहीं तिलठी गांव के परमानंद यादव (60 वर्ष ) गुरुवार की रात खेत की सिंचाई करने गए थे। वहीं उन्हें ठंड लग गई। शुक्रवार की सुबह मौत हो गई। इसी तरह बिराजपुर देहात कोतवाली क्षेत्र के सुरेश बिंद (50 वर्ष), जमालपुर के बियरही गांव निवासी रामसेवक यादव (46 वर्ष) की ठंड से मौत हो गई। इसी तरह भदोही में ज्ञानपुर कोतवाली क्षेत्र के बेदपुर गांव निवासी गंगाधर उपाध्याय (62 वर्ष), औराई थाना क्षेत्र के जेठुपुर गांव में कमला देवी (50वर्ष) की मौत हो गई। वहीं गाजीपुर जिले में शुक्रवार को ठंड ने तीन लोगों की मौत हो गई, तीनों ही वृद्ध हैं। इनमें जमानिया कोतवाली के नरियांव गांव निवासी राजकुमार सिंह कुशवाहा (60 वर्ष), सैदपुर कोतवाली क्षेत्र के मलवीयनगर बद्धूपुर निवासी चौकीदार रामचंद्र यादव (62) और जमानिया के बुद्धिपुर मोहल्ला निवासी 70 वर्षीय शमशुद्दीन अंसारी शामिल हैं। उधर बलिया में ठंड से नारायणपुर गांव में एक अधेड़ और जमुआंव गांव के पूर्व प्रधान की जान चली गई। इनमें बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के नारायणपुर निवासी लक्ष्मण गुप्ता (55) तथा जमुआंव गांव के पूर्व प्रधान धनुषधारी (70) की ठंड लगने से मौत हो गई।