वसंत विहार गैंगरेप के एक आरोपी पवन गुप्ता की बहन की मौत होने का मामला सामने आया है। आरोपी पवन गुप्ता के वकील अजयप्रताप सिंह का कहना है कि पवन गुप्ता की बहन डिंपल (15) दसवीं कक्षा में पढ़ रही थी। पवन के गिरफ्तार होने के बाद वह सदमे में चलीं गई थी। दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में कोर्ट ने दक्षिण जिला पुलिस से जवाब मांगा है कि आरोपी पवन गुप्ता की बहन की मौत हुई या नहीं और हुई तो कैसे हुई है।
दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने तफ्तीश की है और जांच में पता चला है कि उसकी बहन की मौत हुई है। वसंत विहार पुलिस इस मामले में जल्द ही कोर्ट में रिपोर्ट जमा करा देगी। दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार अगर कोर्ट पेरोल के लिए जांच करने के लिए कहेगी तो पुलिस इसकी भी जांच करेगी।
वकील अजय प्रताप सिंह का कहना है कि पवन के गिरफ्तार होने के बाद एकलौती बहन डिंपल कहती थी कि उसका भाई निर्दोष है और वह सदमें रहने लगी। वकील का ये भी कहना है कि जब अफजल गुरू को फांसी दी गई तो उसके बाद से वह और सदमे में चली गई। वह ये कहती रहती थी कि अब उसके भाई को भी फांसी हो जाएगी। वह हमेशा चिल्लाती रहती थी। नौ फरवरी को उसे हार्टअटैक हो गया था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की बहन को मिर्गी की बीमारी बताई जा रही थी। दक्षिण जिला पुलिस ने पैरा-मेडिकल की छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में नाबालिग समेत छह आरोपियों को पकड़ा था। इसमें एक आरोपी पवन गुप्ता है। कुछ पुलिस अधिकारी ये जरूर कहते हैं कि डिंपल पहले से बीमार थी।