भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व वित्तमंत्री यशवंत सिन्हा एक बार फिर पार्टी हाईकमान से नाराज हो गए हैं। इस बार वह झारखंड भाजपा की कमान रवींद्र राय को सौंपे जाने से खफा हैं। इसके चलते उन्होंने लोकसभा से इस्तीफे की धमकी दी है।
सिन्हा ने सोमवार को पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी और लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज को अपना दुखड़ा सुनाया। पार्टी सूत्रों के अनुसार राय को झारखंड भाजपा अध्यक्ष बनाए जाने से नाराज सिन्हा ने लोकसभा से इस्तीफे की पेशकश कर दी।
सिन्हा को मनाने के लिए अब राज्यसभा में विपक्ष के नेता अरुण जेटली उनसे बात करेंगे। सूत्रों के मुताबिक, सिन्हा खुद झारखंड का प्रदेश अध्यक्ष बनने के इच्छुक थे, लेकिन राजनाथ सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के करीबी रवींद्र राय को प्रदेश की कमान सौंप दी। इससे सिन्हा नाराज हो गए।
यह पहला मौका नहीं है जब सिन्हा हाईकमान से नाराज हुए हैं। वे नितिन गडकरी कार्यकाल में भी समय समय पर बागी तेवर दिखाते रहे हैं। गडकरी की दोबारा ताजपोशी के अंतिम पलों में उनकी राह में सिन्हा ने ही कांटे बिछाए थे। अब वे राजनाथ से भी नाराज हो गए हैं।
सिन्हा की नाराजगी की खबर पाकर राजनाथ ने उनसे फोन पर बात की और उनके दिल्ली लौटने तक कोई कदम नहीं उठाने का आग्रह किया। राजनाथ कोलकाता में हैं और उनके सोमवार रात तक लौटने की संभावना है।