देश के सभी केंद्रीय विश्वविद्यालयों में अंडरग्रेजुएट कक्षाओं में प्रवेश के लिए सिंगल टेस्ट कराने के लिए कुलपति परिषद की बैठक में बृहस्पतिवार को फैसला लिया जाएगा। यह बैठक दिल्ली स्थित इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में होगी।
उल्लेखनीय है कि पिछली बैठकों में हालांकि सभी विश्वविद्यालय सिंगल परीक्षा पर सैद्धांतिक रूप से सहमति जता चुके हैं।
चंडीगढ़ में हुई बैठक के बाद तमिलनाडु केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बीपी संजय को अंडर ग्रेजुएट कोर्सेज के लिए एडमिशन टेस्ट का प्रारूप भी तैयार करने को कहा गया था। आज होने वाली बैठक में वे अपनी रिपोर्ट पेश करेंगे। उनकी रिपोर्ट पर चर्चा के बाद ही काउंसिल कोई अंतिम फैसला लेगी।
केंद्रीय विश्वविद्यालयों में ग्रेजुएशन की पढ़ाई के लिए प्रवेश के समय टेस्ट के साथ ही इंटरमीडिएट की परीक्षा में प्राप्त अंकों को भी महत्व दिया जाएगा। प्रवेश के लिए होने वाली परीक्षा में सामान्य ज्ञान तथा विषय संबंधी एप्टीट्यूड संबंधी सवाल पूछे जाएंगे।
वर्तमान में 40 केंद्रीय विश्वविद्यालयों में सात केंद्रीय विवि ग्रेजुएशन में प्रवेश के लिए संयुक्त परीक्षा का आयोजन पहले से कर रहे हैं। अब सभी विश्वविद्यालयों को इस दायरे में लाने की बात चल रही है। प्रो. संजय को इसके लिए जरूरी खाका तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई थी।
कुलपतियों की इस बैठक में विश्वविद्यालयों में फैकल्टी डेवलपमेंट, विश्वविद्यालयों में इंटरनल ऑडिट की व्यवस्था तथा अन्य अकादमिक मामलों पर भी बैठक में चर्चा होगी। बैठक में विश्वविद्यालयों में वोकेशनल कोर्स शुरू करने, पढ़ाई एवं कमाई साथ-साथ करने की योजना पर भी चर्चा होगी।