यौन शोषण मामले में तरुण तेजपाल की गिरफ्तारी पर तुरंत रोक लगाने से हाईकोर्ट ने इनकार कर दिया है। तेजपाल ने इस मामले में दिल्ली हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत की याचिका लगाई थी जिस पर बुधवार तक के लिए सुनवाई टाल दी गई है।
इस बीच तरुण तेजपाल ने आरोप लगाया है कि उनके खिलाफ राजनीतिक साजिश की जा रही है। तेजपाल ने बीजेपी पर आरोप लगाया है कि वह उनके खिलाफ बदले की कार्रवाई के तहत साजिश रच रही है।
आपको बता दें कि गोवा में बीजेपी की सरकार है और वहां पर ही ये वारदात हुई थी। तेजपाल के कई स्टिंग ऑपरेशन में बीजेपी सरकार और बीजेपी के नेता निशाने पर रहे हैं।
पीड़िता ने दिया नौकरी से इस्तीफा
तेजपाल पर यौन शोषण का आरोप लगाने वाली पीड़ित पत्रकार ने पत्रिका से इस्तीफा दे कर पत्रिका की प्रबंध संपादक शोमा चौधरी की भी मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
पीड़ित पत्रकार ने इस मामले में संस्थान पर साथ न देने का आरोप लगाया है। पीड़ित के इस आरोप के बाद पहले से ही मामले को रफ-दफा करने के आरोपों से घिरी प्रबंध संपादक नए सिरे से आरोपों के घेरे में आ गई है।
इधर महिला कार्यकर्ता उर्वशी बुटालिया ने खुद को तहलका जांच समिति से खुद को अलग कर लिया है।
इस बीच, रविवार को तेजपाल से पूछताछ किए बिना वापस लौटी गोवा पुलिस अब पूरी तसल्ली के साथ उनसे पूछताछ की तैयारी कर रही है। माना जा रहा है कि गोवा की जांच टीम मंगलवार को फिर दिल्ली आ सकती है।
पढ़ें, कौन उठा रहा तहलका का करोड़ों का घाटा?
पीड़ित पत्रकार ने कहा है कि इस मामले की काफी पहले शिकायत किए जाने के बावजूद संस्थान ने इसे गंभीरता से नहीं लिया।
इन आरोपों ने संस्थान और प्रबंधन की युवती को संतुष्ट करने के लिए की गई हर संभव कोशिश के दावे पर पानी फेर दिया है। संस्थान ने हालांकि पीड़ित पत्रकार का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है मगर आरोपों पर चुप्पी साध ली है।
पढ़ें, 'तहलका से हटने का फैसला, तेजपाल के गुनाह का सबूत'
शोमा चौधरी के अलावा तहलका के तीन कर्मचारियों से लंबी पूछताछ के बाद वापस लौटी गोवा पुलिस मंगलवार को फिर दिल्ली में दस्तक दे सकती है।
सूत्रों का कहना है कि जांच टीम अपने साथ ले गई हार्ड डिस्क और दस्तावेजों का अध्ययन के बाद पूरे मामले में कानूनी विशेषज्ञों से राय ले रही है।
माना जा रहा है कि दूसरी बार दिल्ली पहुंचते ही गोवा पुलिस तेजपाल से पूछताछ करने के साथ उन्हें गिरफ्तार कर लेगी।