फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

फिर उठी अटल को भारत रत्न देने की मांग

Tue, 25 Dec 2012 09:26 PM IST
नई दिल्ली/ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को भारत रत्न देने की मांग फिर गूंजने लगी है। वाजपेयी के 88वें जन्मदिन के मौके पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भाजपा की इस मांग को दोहराते हुए कहा कि अटल जी ऐसे नेता हैं, जिनका सभी आदर करते हैं और जिन्हें सभी प्यार करते हैं।
विज्ञापन


पूर्व प्रधानमंत्री को भारत रत्न देने की मांग लंबे समय से उठती रही है। अब भाजपा ने उनके जन्मदिन पर इस मांग को दोहरा कर गेंद केंद्र सरकार के पाले में फेंक दी है। इधर, भाजपा ने उनके नाम पर सुशासन संबंधी शोध संस्थान खोलने का ऐलान किया है।

पार्टी अध्यक्ष नितिन गडकरी ने कहा कि इस प्रस्तावित संस्थान में सुशासन समेत कई विषयों पर शोध व दस्तावेज तैयार होंगे जिन क्षेत्रों में अटलजी ने विशेष छाप छोड़ी है। बहरहाल, लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे वाजपेयी आज भी दस्तावेजों में एनडीए के अध्यक्ष हैं।
विज्ञापन


भाजपा ‘समग्र अटल’ योजना के तहत वर्ष 2013 के लिए वाजपेयी के चित्रों वाली ‘अटल डायरी’ पहले ही जारी कर चुकी है और उन पर केंद्रित पोर्टल भी लगभग तैयार है। योजना को देख रहे सहस्त्रबुद्धे कहते हैं कि जनवरी के पहले सप्ताह में यह पोर्टल लांच कर दिया जाएगा। ‘समग्र अटल’ योजना के तहत उनके भाषणों, चित्रों, लेखों आदि को पुस्तकों व डिजिटल माध्यम से संकलित किया जा रहा है।

क्रिसमस और वाजपेयी का जन्मदिन एक ही दिन पड़ता है। हर साल की तरह भाजपा ने देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए और उनके स्वास्थ्य लाभ की कामना की। लंबे समय से बीमार चल रहे वाजपेयी को देशभर से आए समर्थकों ने कृष्ण मेनन मार्ग स्थित उनके सरकारी आवास जाकर बधाई दी।

राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने वाजपेयी को फूलों का गुलदस्ता भेजा। जबकि प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह खुद वाजपेयी से मिले और उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। प्रधानमंत्री लगभग 15 मिनट तक वाजपेयी के साथ रहे। भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी, लोकसभा उपाध्यक्ष करिया मुंडा, पार्टी अध्यक्ष नितिन गडकरी, लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज से लेकर पार्टी के कई नेता व कार्यकर्ता वाजपेयी को बधाई देने पहुंचे। दिल्ली भाजपा की तालकटोरा रैली में भी वाजपेयी को याद किया गया। शाम को फिक्की ऑडिटोरियम में भजन संध्या का आयोजन किया गया।

89 किलो का लड्डू
कोयंबटूर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन पर 89 किलो का लड्डू तैयार किया और इसका जनता के बीच वितरण किया। प्रदेश इकाई के सचिव जीके एस सेल्वाकुमार ने यहां पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान लोगों के बीच मिष्ठान वितरण किया।
विज्ञापन

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें