पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के साथ बांग्लादेश गए दल में शामिल उद्योगपति और फिल्म निर्माता शिबाजी पांजा को हिरासत में ले लिया गया है। फर्जीवाड़े के एक मामले में दिल्ली पुलिस की एक टीम ने उन्हें हिरासत में लिया।
पुलिस ने पांजा को शनिवार की रात नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर उस समय हिरासतम में ले लिया गया, जब ममता अपने दल के साथ बांग्लादेश यात्रा से लौट रही थीं। पांजा पर नकली दस्तावेजों के सहारे औद्योगिक वित्तीय निगम (आईएफसी) से 18 करोड़ रुपये का क र्ज लेने का आरोप है।
उनके खिलाफ दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया था। चार दिन पहले पांजा के खिलाफ सभी हवाईअड्डों पर लुकआउट नोटिस जारी किया गया था। पांजा 2010 में बनी फिल्म ‘ब्योमकेश बख्शी’ के सह-निर्माता भी रहे हैं।
गिरफ्तारी पर ममता खफा
ममता बनर्जी शिबाजी पांजा को हवाईअड्डे पर ही हिरासत में लिए जाने से बेहद नाराज दिखीं। जैसे ही पत्रकारों ने ममता से पांजा की गिरफ्तारी के बारे में पूछा उन्होंने पलट कर उन्हें ही गिरफ्तार करवाने की धमकी दे डाली। शनिवार की रात जब नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर पांजा की गिरफ्तारी के बारे में एक पत्रकार ने ममता से सवाल पूछा तो उन्होंने कहा कि मैं आपको भी जेल में डाल सकती हूं लेकिन मैंने सौजन्यता वश ऐसा नहीं किया। मुख्यमंत्री के दल में पांजा के शामिल होने के सवाल पर पूछने पर ममता गुस्से में बोलीं, मुझसे इस बारे में क्यों पूछ रहे हैं।