‘लव जेहाद’ के मुद्दे पर चल रही राजनीति में अब शिवसेना भी कूद पड़ी है। भाजपा सांसद योगी आदित्यनाथ का समर्थन करते हुए शिवसेना ने कहा है कि हिंदू संस्कृति को नष्ट करने के लिए यह एक ‘वैश्विक साजिश’ है।
शिवसेना ने अपने मुखपत्र ‘सामना’ में लिखे संपादकीय में संघ प्रमुख मोहन भागवत के उस बयान का जिक्र किया है, जिसमें उन्होंने कहा है कि हिंदू लड़कियों को ‘लव जेहाद’ से बचकर रहना चाहिए।
संपादकीय में लिखा है, ‘इस मुद्दे पर उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड के हिंदुओं में गुस्सा है और आदित्यनाथ उन्हीं के गुस्से को आवाज दे रहे हैं। जो लोग इस तरह का जेहाद छेड़े हुए हैं, उन्हें सबक सिखाया जाना चाहिए।
दुनिया भर के आतंकी संगठन हिंदुस्तान के खिलाफ जेहाद छेड़े हुए हैं।’ लेख में कहा गया है, ‘लश्कर-ए-ताइबा, सिमी और अल-कायदा जैसे आतंकी संगठन हमारे देश की धर्मनिरेपक्ष संस्कृति को नष्ट करना चाहते हैं।
अगर हिंदू नहीं जागते हैं और सरकार ‘लव जेहाद’ के पीछे के लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करती है, तो उनकी योजना को सफल होने में ज्यादा समय नहीं लगेगा।’