महाराष्ट्र के मनोनीत मुख्यमंत्री देवेंद्र फडनवीस के शुक्रवार को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में शिवसेना शामिल नहीं होगी। पार्टी ने कार्यक्रम के बहिष्कार की घोषणा की है। शिवसेना ने कहा है कि उसने यह फैसला भाजपा की ओर से लगातार अपमानित किए जाने की वजह से किया है।
पार्टी अध्यक्ष उद्धव ठाकरे से मुलाकात के बाद शिवसेना सांसद विनायक राउत ने कहा कि उनके विधायक महसूस करते हैं कि भाजपा उन्हें सम्मान नहीं दे रही है। ऐसे में उनकी पार्टी शपथ ग्रहण समारोह में क्यों शामिल हो। शिवसेना का यह फैसला भाजपा के उस बयान के कुछ घंटों के बाद आया है, जिसमें कहा गया था कि शुक्रवार के समारोह में शिवसेना से किसी को मंत्री पद की शपथ दिलाए जाने की उम्मीद कम है।
गौरतलब है कि भाजपा महासचिव राजीव प्रताप रूडी ने बयान दिया है कि शिवसेना के साथ गठबंधन के लिए बातचीत जारी है और शपथ ग्रहण समारोह में उसके किसी विधायक को मंत्री पद की शपथ दिलाए जाने की उम्मीद नहीं है।