बाल ठाकरे का स्मारक बनने से पहले विवादों में आ गया है। शिवसेना और महराष्ट्र नवनिर्माण सेना ने स्मारक के लिए दो अलग-अलग स्थान सुझाए हैं। शिवसेना चाहती है कि बाल ठाकरे का स्मारक शिवाजी पार्क में बने, जबकि उनके भतीजे राज ठाकरे की पार्टी मनसे स्मारक इंदू मिल में बनाने की मांग की है। इंदू मिल में भीमराव आंबेडकर का स्मारक बनाने पर महाराष्ट्र सरकार पहले ही मौखिक सहमति दे चुकी है।
बाल ठाकरे के निधन के बाद गुरुवार को मुंबई नगर निगम का विशेष सत्र बुलाया गया। बैठक में राज ठाकरे की पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना ने इंदु मिल की जमीन पर बाल ठाकरे का स्मारक बनाने की मांग कर दी। मनसे की की मांग पर दलित पार्टियों नाराज हो गईं और इसका विरोध शुरू कर दिया। वहीं, कांग्रेस ने मनसे की मांग का समर्थन कर इस मामले को और गरमा दिया। शिवाजी पार्क में बाल ठाकरे का स्मारक बनाने की मांग कर रही शिवसेना प्रतिक्रिया नहीं दी।