फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सुशील शिंदे पर भड़की भाजपा, हाफिज सईद खुश

Tue, 22 Jan 2013 12:57 AM IST
नई दिल्ली/अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे के भाजपा और संघ के खिलाफ विवादित बयान को लेकर सियासी बवाल खड़ा हो गया है। बयान पर भड़की भाजपा ने शिंदे को बर्खास्त करने की मांग के साथ ही बृहस्पतिवार को देशव्यापी आंदोलन का ऐलान कर दिया है। संघ के साथ ही कुंभ में डेरा डाले साधु-संतों ने भी शिंदे के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। दूसरी ओर शिंदे के बयान ने आतंकी संगठन लश्कर-ए-ताइबा के संस्थापक हाफिज सईद को खुश कर दिया है।
विज्ञापन


सईद ने कहा कि इससे पाकिस्तानी संगठनों के आतंकवाद फैलाने के बारे में भारत के झूठे प्रचार का भंडाफोड़ हो गया है। भाजपा और संघ के आतंकवाद फैलाने के शिंदे के बयान को आगे बढ़ाते हुए सईद ने यहां तक कह दिया कि पाकिस्तान में हर तरह के आतंकवाद के पीछे भारतीय संगठन ही हैं।

कांग्रेस के जयपुर चिंतन शिविर के बाद रविवार को एआईसीसी की बैठक में शिंदे के विवादित बयान की भाजपा ने सोमवार को तीखी आलोचना की। भाजपा ने कहा है कि शिंदे लोकसभा में सदन के नेता हैं इसलिए पार्टी ने उनके बयान को गंभीरता से लिया है और इसे बड़ा मुद्दा बनाएगी। पार्टी प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने कहा कि आतंकवाद से हिंदू और भगवा रंग को जोड़ने का क्या मतलब है। यह देश की संस्कृति और सभ्यता की विरासत का अपमान है।
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि शिंदे के बयान के लिए सोनिया गांधी और प्रधानमंत्री को तुरंत बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए और शिंदे को तत्काल पद से हटाया जाना चाहिए। शिंदे को ‘लाइटवेट’ गृह मंत्री बताते हुए उन्होंने कहा कि शिंदे को हल्की बात करने की आदत है।  शिंदे के बयान ने हाफिज सईद को भी भारत पर निशाना साधने का मौका दे दिया। सईद ने कहा कि भारत ने हमें मुंबई हमलों में फंसाने की कोशिश की, लेकिन पांच साल बाद भी वह हमारे खिलाफ कुछ साबित नहीं कर सका। इतना ही नहीं, सईद ने हास्यास्पद मांग भी कर डाली कि पाकिस्तान को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत को आतंकी देश घोषित कराने की कोशिश करनी चाहिए।
 
हालांकि शिंदे के समर्थन में कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह से लेकर केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री कमलनाथ भी आ गए हैं। कमलनाथ ने कहा कि कांग्रेस शिंदे के साथ है और गृह मंत्री ने जो कहा है। वह सच है। दिग्विजय ने कहा कि भाजपा और संघ के बारे में जो बात मैं पहले से कहता आ रहा हूं वो शिंदे के बयान से सही साबित हो गई है। शिंदे के पास सुबूत होंगे, तभी उन्होंने ऐसी बात कही है। खास बात यह है कि इससे पहले चिदंबरम के इसी तरह के बयान पर कांग्रेस ने दूरी बना दी थी।
विज्ञापन

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें