राजधानी में महंगे प्याज के मुद्दे पर सियासत तेज हो गई है। प्याज के बढ़ते दामों से चिंतित मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने कृषि मंत्रालय को पत्र लिखा है और इसके निर्यात पर रोक लगाए जाने की मांग की है। वहीं पत्र के जवाब में कृषि मंत्री शरद पवार ने कहा है कि प्याज के दाम निर्यात के कारण नहीं, स्थानीय कारणों से बढ़ रहे हैं।
गौरतलब है कि एक पखवाड़े में दोगुना हुए दामों को देखते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने गुरुवार को सचिवालय में बैठक बुलाई। हालात का जायजा लेने के बाद उन्होंने केंद्रीय कृषि मंत्री को पत्र लिखकर निर्यात पर रोक लगाने या कटौती करने का अनुरोध किया।
दिल्ली में प्याज की बढ़ी कीमतों के कारण खपत में पचास फीसदी तक कमी आ गई है। वर्तमान में थोक बाजार में प्याज 10-25 रुपए किलो है तो फुटकर में 15-35 रुपए किलो तक बिक रहा है। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता वाली बैठक में प्याज कीमतों की स्थिति की समीक्षा की गई। इसमें फैसला किया गया कि स्थिति पर बारीकी से नजर रखी जाएगी और जमाखोरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।