शशि थरूर ने शुक्रवार को मानव संसाधन मंत्रालय में राज्यमंत्री के रूप में अपना कार्यभार संभाल लिया। इस मौके पर भले ही उनकी पत्नी सुनंदा नहीं पहुंची हों, लेकिन थरूर की मेज पर उनकी तस्वीर जरूर मौजूद थी। मंत्री पद संभालने के बाद मीडिया से मुखातिब शशि थरूर ने कहा कि उन्हें इस मंत्रालय में आने से बेहद खुशी मिली है। वह मानते हैं कि यहां वह देश के युवाओं के लिए कुछ कर सकेंगे।
सुबह साढ़े दस बजे मंत्री पद संभालने के बाद उन्होंने कहा कि वह चाहते हैं कि आम आदमी तक शिक्षा की पहुंच हो। देश में शिक्षा व्यवस्था ज्यादा से ज्यादा व्यवहारिक तथा ग्लोबल हो, इसके लिए वह पूरा प्रयास करेंगे। थरूर ने कहा कि देश में 50 करोड़ लोग 25 वर्ष से कम उम्र के हैं। मानव संसाधन मंत्रालय ऐसे युवाओं के भविष्य निर्माण से जुड़ा मंत्रालय है। अगर हम ऐसे युवाओं को अच्छा भविष्य नहीं दे सके तो देश में नक्सलवाद जैसी समस्या पैदा होगी।
बाद में अनौपचारिक बातचीत के दौरान दीवार पर लगी एक तस्वीर की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि यह तस्वीर उनके पिता की है। यही नहीं उन्होंने कमरे में पोस्टर की साइज की खुद की भी एक तस्वीर लगवा रखी है। इस तस्वीर में वह चरखे पर बैठकर सूत कात रहे हैं।