राजस्थान की एक भोलीभाली युवती नौकरी की चाह में सेक्स रैकेट में फंस गई। मुजफ्फरनगर का युवक उसे नौकरी लगवाने के बहाने अपने साथ ले आया। नौकरी लगवाने के बाद प्यार का झूठा इजहार कर शादी भी कर ली। जिसके बाद युवती के यौन उत्पीड़न का सिलसिला शुरू हो गया।
परिस्थितियों के भंवर में फंस चुकी इस युवती का कभी खतौली तो मुजफ्फरनगर में सौदा किया गया। युवती की बोली लगवाने में एक महिला दलाल भी शामिल रही जो अब मोदीपुरम इलाके में रह रही है।
सोमवार को एसएसपी दफ्तर पहुंची इस पीड़िता की आपबीती सुनकर एसएसपी भी दंग रह गए। एसएसपी ने सीओ वंदना मिश्रा को युवती की पीड़ा गंभीरता से सुनकर कार्रवाई के निर्देश दिए।
एक रात के लिए सफेदपोश के पास भी भेजा गया
पीड़िता ने सीओ को बताया कि वह धौलपुर राजस्थान की निवासी है। नवंबर 2014 में उसकी मुलाकात मंसूरपुर, मुजफ्फरनगर निवासी एक युवक से हुई थी। नौकरी दिलाने का झांसा देकर वह उसे मुजफ्फरनगर ले आया था।
दो माह तक एक जगह काम भी कराया और बहला फुसलाकर उसका शारीरिक शोषण किया। इसके बाद मुजफ्फरनगर की जाट कालोनी में वह अपने दोस्त के घर ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया।
इस दौरान पुलिस का छापा पड़ा और युवक के परिजनों को पुलिस ने थाने बुला लिया। परिजनों ने खुद को बचाने के लिए उसे अपनी बहू के रूप में स्वीकार कर लिया। आरोप है कि इसके बाद कथित पति ने उससे देह व्यापार की दलदल में धकेल दिया। आरोप है कि एक सफेदपोश (प्रधान) को भी उसे एक रात के लिए बेचा गया।
राहगीरों ने भी लूटी आबरू, पुलिस ने नहीं सुनी फरियाद
युवती ने बताया कि आरोपी युवक ने उसे खतौली की एक महिला दलाल को सौंप दिया। उस महिला ने भी कई लोगों से उसका सौदा किया। विरोध करने पर उसे मारते पीटते और जान से मारने की धमकी देते थे। इसी बीच वह एक रात आरोपियों से छूटकर भाग निकली और मंसूरपुर में हाईवे पर पहुंच गई।
वहां भी दो राहगीरों ने उसके साथ गैंगरेप किया। शिकायत करने वह मंसूरपुर थाने गई तो पुलिसकर्मियों ने मदद के बजाए उसे दोबारा से खतौली निवासी उसी महिला को सौंप दिया।
युवती ने बताया कि वह किसी तरह मेरठ निवासी जनसेवा शिक्षा प्रसार समिति से जुड़ी सीमा खान से संपर्क होने पर एसएसपी के पास पहुंची। आरोपी महिला दलाल वर्तमान में मोदीपुरम में रह रही है। पीड़िता ने एसएसपी से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गुहार लगाई।
युवती ने कई बातें ऐसी भी कहीं जो बेहद चौंकाने वाली थीं। उसने कहा कि पहले तो युवक ने उसके साथ कोर्ट मैरिज की। फिर बाद में पुलिसकर्मियों ने दबाव डालकर उससे तलाकनामे पर जबरन हस्ताक्षर करा लिए।
'मामला दूसरे जिले से जुड़ा है। चूंकि पीड़िता ने वहीं पर वारदात होनी बताई है। कार्रवाई के लिए पीड़िता को मुजफ्फरनगर भेजा गया है।'
- डीसी दूबे, एसएसपी