रक्षा मंत्री ए के एंटनी ने कहा कि सु्प्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप और केंद्र सरकार के कडे़ रुख की वजह से इटली के नौसैनिकों को भारत वापस लाने के मामले में मदद मिली है।
एंटोनी ने यहां संवाददाताओं से कहा कि उच्चतम न्यायालय ने दो भारतीय मछुआरों की हत्या के मामले में आरोपी इतालवी नौसैनिकों के खिलाफ सुनवाई का निर्णय लिया था।
केंद्र ने मामले की सुनवाई भारत में किए जाने संबंधी केरल सरकार के रुख का समर्थन किया था। दूसरी तरफ केरल के मुख्यमंत्री ओमन चांडी ने मामले की सुनवाई को लेकर राज्य के कोल्लम में एक विशेष अदालत के गठन के लिए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से अपील की है।
एंटनी ने एक प्रश्न के उत्तर में केरल में कांग्रेस नीत यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) में हाल के विवादों को खेदजनक करार दिया।
इन विवादों की आग में घी नहीं डाला जाना चाहिए क्योंकि इससे राज्य के विकास में प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
ऐसे विवादों को टाल दिया जाना चाहिए तथा दिक्कतों का समाधान किया जाना कांग्रेस, यूडीएफ और राज्य सरकार के लिए लाभदायक होगा।