नरेंद्र मोदी की सरकार बनने के बाद पाकिस्तान और बांग्लादेश की सीमा पर बरती जा रही सख्ती से बनारसी साड़ी कारोबार को झटका लगा है। पिछले दो महीने से इन दोनों देशों में बनारसी साड़ी नहीं पहुंच रही है।
निर्यातकों के मुताबिक बांग्लादेश में सालाना दो हजार करोड़ और पाकिस्तान में सालाना ढाई हजार करोड़ रुपये का बनारसी साड़ी एवं कपड़ों का कारोबार है।
बनारसी साड़ी दिल्ली, पंजाब होते हुए और दुबई के रास्ते पाकिस्तान तक पहुंचती है। वहीं बांग्लादेश के लिए माल कोलकाता होते हुए पहुंचता है। बनारसी साड़ी ने इन तीनों देशों में हजारों लोगों को रोजगार दे रखा है।
लेकिन इस समय सीमा पर बरती जा रही सख्ती की वजह से बनारसी साड़ी के निर्यातकों को इन देशों में माल पहुंचाने में दिक्कत हो रही है।
बांग्लादेश जाने वाला माल सड़क मार्ग से जाता है जबकि दुबई और पाकिस्तान जाने वाला माल हवाई और जल मार्ग से पहुंचता है। पाकिस्तान और बांग्लादेश में माल की खपत न होने की वजह से विभिन्न देशों में नए बाजार भी तलाशे जा रहे हैं। कारोबारियों का कहना है कि राजनीतिक संबंध अपनी जगह हैं लेकिन कारोबार को प्रभावित नहीं होना चाहिए।