पाकिस्तान ने सरबजीत सिंह की मौत हो जाने के बावजूद इस दुखद खबर की आधिकारिक सूचना भारत को देना जरूरी नहीं समझा।
भारत सरकार को यह खबर मीडिया के जरिए बुधवार की देर रात मिली। इसके बाद विदेश मंत्रालय ने खुद पाकिस्तान सरकार से संपर्क साध कर सरबजीत की मौत की आधिकारिक पुष्टि हासिल की।
इसके तुरंत बाद ही भारत सरकार की ओर से सरबजीत का शव लाने के लिए राजनयिक पहल शुरू हो गई।
सरकार के उच्चपदस्थ सूत्रों के अनुसार आधी रात के बाद हुई इस घटना की सूचना देने के लिए प्रधानमंत्री को जगाना मुनासिब नहीं समझा गया।
पीएम को भी मौत की खबर सुबह अखबारों के जरिए पता चली। उच्चपदस्थ सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री को सुबह साढ़े छह बजे अखबारों के जरिए जब इस दुखद खबर की जानकारी मिली तो उन्होंने खुद तत्काल अपने वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क स्थापित किया।
लेकिन इससे पहले ही विदेश मंत्रालय ने राजनयिक स्तर पर पाकिस्तान सरकार से संपर्क साध कर सरबजीत के शव को भारत लाने की पहल शुरू कर दी थी। यहां तक कि विदेश सचिव ने पाकिस्तान के विदेश सचिव से भी बात की।
साथ ही इस्लामाबाद स्थित भारतीय राजदूत ने वहां के विदेश मंत्रालय से बात कर सरबजीत का शव सौंपने को कहा। सूत्रों का कहना है कि पाकिस्तान ने इस पर तत्काल कोई जवाब नहीं दिया। लेकिन बाद में वह भारत को शव सौंपने के लिए राजी हो गया।
शाम लगभग पौने चार बजे भारत ने दिल्ली से लाहौर के लिए एयर इंडिया के एक विशेष विमान को सरबजीत का शव लाने के लिए रवाना किया। इस विमान में केबिन क्रू के अलावा अन्य कोई या सरबजीत के परिवार का सदस्य मौजूद नहीं था।
हालांकि इससे पहले गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने जब दिल्ली में सरबजीत की बहन दलबीर कौर से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने परिवार से अंतिम संस्कार के बारे में इच्छा पूछी थी। परिजनों ने गृह मंत्री को साफ कर दिया कि सरबजीत का संस्कार वे उनके गांव भिखीविंड में ही करना चाहते हैं।
परनीत कौर, मनीष तिवारी लेने पहुंचे शव
भारत सरकार की ओर से विदेश राज्य मंत्री परनीत कौर व सूचना प्रसारण मंत्री मनीष तिवारी अमृतसर के राजा सांसी एयरपोर्ट पर सरबजीत सिंह का शव लेने के लिए पहुंचे।
हालांकि यह देर शाम तक साफ नहीं था कि सरबजीत के शव का भारत आने पर पोस्टमार्टम होगा या नहीं।
लेकिन पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने न सिर्फ सरबजीत को शहीद का दर्जा देने की घोषणा की बल्कि शव का पोस्टमार्टम दोबारा अमृतसर में कराने को कहा।