आटो चालक से उगाही का विरोध कर रहे सपा नेता को सिपाहियों ने गिरागिराकर पीटा। इसके बाद जब सपा नेता को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल लाया गया तो यहां आक्रोशित सपाइयों और पुलिस के बीच जमकर धक्कामुक्की हुई। देर रात एसएसपी ने सिपाहियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दे दिए थे। सपा नेता ने सिपाहियों पर रुपये लूटने का भी आरोप लगाया है।
सुखदेव नगर निवासी मुन्ना मलिक समाजवादी पार्टी लोहिया वाहिनी के महानगर अध्यक्ष हैं। मुन्ना मंगलवार को रात में 10 आटो से सौंख रोड जा रहे थे। आरोप है कि गोवर्धन चौराहे के निकट कृष्णानगर चौकी के सिपाही जितेन्द्र यादव और संदीप यादव व एक अन्य आए और आटो चालक से उगाही करने लगे।
इस पर मुन्ना मलिक ने हस्तक्षेप किया और कहा कि इससे सरकार की साख खराब होगी। मलिक के विरोध पर सिपाही बौखला गए और उन्हें पीटना शुरू कर दिया। सिपाहियों की करतूत की शिकायत सपा नेताओं ने एसपी क्राइम राम मोहन से की। एसपी क्राइम ने मामले की जांच सीओ रिफाइनरी से कराने को कहा और मुन्ना मलिक को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा।