विवादास्पद ब्रिटिश-भारतीय लेखक सलमान रुश्दी की भारत यात्रा रद्द होने पर राजनीतिक बयानबाजी जारी है। अब तृणमूल कांग्रेस नेता और सांसद सुल्तान अहमद ने कहा कि अगर सरकार ने सलमान रूश्दी को रोका है तो ये अच्छी बात है। रुश्दी ने दुनिया को गंदा साहित्य देने के अलावा कुछ और नहीं किया। सच तो यह है कि सलमान रुश्दी नहीं बल्कि शैतान रुश्दी हैं।
इधर विवादास्पद ब्रिटिश-भारतीय लेखक सलमान रुश्दी ने कहा कि उन्हें अपनी कोलकाता यात्रा इन धमकियों के चलते रद्द करनी पड़ी कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आदेश पर पुलिस उन्हें पहली ही फ्लाइट से वापस लौटा देगी।
65 वर्षीय लेखक ने देश से उड़ान भरने से पहले एक पेज का बयान जारी किया। इसके अलावा उन्होंने ट्विटर पर पोस्ट किए गए ट्वीट में कहा है कि कोलकाता पुलिस ने उनकी यात्रा को असंभव बना दिया और आरोप लगाया कि पुलिस ने उनके कार्यक्रम के शिड्यूल को प्रेस और मुस्लिम नेताओं को लीक कर दिया ताकि वे उनका विरोध कर सकें।
रुश्दी ने अपने बयान में कहा कि कोलकाता यात्रा के एक दिन पहले मुझे बताया कि कोलकाता पुलिस ने शहर में मेरी यात्रा की अनुमति देने से मना कर दिया है। यदि मैं वहां पर पहुंचा तो वे मुझे अगली उड़ान से वापस लौटा देंगे। मुझे यह भी बताया गया कि यह सब मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आदेश पर किया जाएगा।
ब्रिटिश-भारतीय लेखक को 30 जनवरी को कोलकाता साहित्य सम्मेलन में अपने नॉवेल पर आधारित फिल्म ‘मिडनाइट चिल्ड्रेन’ का प्रमोशन करना था लेकिन बाद में आयोजकों ने उन्हें आमंत्रित करने से मना कर दिया। रुश्दी ने कहा कि मुझे सम्मेलन में दीपा मेहता, राहुल बोस और रचिर जोशी के साथ शामिल होना था।
मिडनाइट चिल्ड्रेन फिल्म देशभर में एक फरवरी को रिलीज हुई है। आयोजक इस बात से पूरी तरह से अवगत थे और मुझे सरप्राइज गेस्ट के रूप में आने को कहा गया था। यदि वे अब इससे इनकार कर रहे हैं जोकि गलत है।
अपने ट्वीट में बुकर प्राइज विजेता ने कहा कि मुख्यमंत्री बनर्जी ने पुलिस को मेरी यात्रा रोकने का आदेश दिया था। मुझे इस बारे में कोई सलाह नहीं दी गई। यह पहला मौका नहीं है जब रुश्दी की यात्रा को लेकर विवाद खड़ा हुआ हो। पहले भी उनके देश में आने को लेकर विरोध हो चुका है। पिछले साल जयपुर साहित्य सम्मेलन में उनके आने को लेकर भारी हंगामा हुआ था, जिसके चलते उन्हें अपनी यात्रा रद्द करनी पड़ी थी।
झूठ बोल रहे हैं रुश्दी: आयोजक
कोलकाता साहित्य सम्मेलन और कोलकाता बुक फेयर के आयोजकों ने ब्रिटिश भारतीय लेखक सलमान रुश्दी के उस बयान का खंडन किया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि उन्हें साहित्य सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए आमंत्रित किया था। आयोजकों का कहना है कि रुश्दी झूठ बोल रहे हैं।
कोलकाता बुक फेयर के आयोजक और पब्लिशर एंड बुक सेलर्स गिल्ड के महासचिव त्रिदीब चटर्जी ने कहा कि रुश्दी को कभी भी आमंत्रित नहीं किया गया। उनसे आमंत्रण दिखाने को कहा जाए। वह प्रसिद्ध लेखक हैं लेकिन वह झूठ बोल रहे हैं। कोलकाता साहित्य सम्मेलन की आयोजक मालविका बनर्जी ने भी कहा कि रुश्दी का नाम उनके कार्यक्रम में नहीं था।