पुलिस ने एक दंपति समेत तीन लोगों को नाबालिग लड़की को लेनदार से सेक्स करने को मजबूर करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। यह पूरा मामला स्कूल प्रशासन द्वारा स्थानीय एनजीओ को अवगत कराने के बाद सामने आया। एनजीओ ने इस मामले की शिकायत पुलिस से की।
पुलिस के अनुसार, आठवीं कक्षा में पढ़ने वाली 16 वर्षीय पीड़िता के पिता ने कुछ समय पहले 50 हजार रुपये का कर्ज लिया था। कर्ज नहीं चुका पाने पर दंपति ने लेनदार से अपनी नाबालिग बेटी के साथ शारीरिक संबंध बनाने को कहा। आरोपी लेनदार निसार खान (40) ने इस प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया और पिछले दो साल से नाबालिग के साथ शारीरिक संबंध बनाए हुए था।
जबरदस्ती बनाए जा रहे यौन संबंध से पीड़ित लड़की अवसादग्रस्त हो गई थी। उसके व्यवहार में आए बर्ताव पर स्कूल शिक्षकों ने तहकीकात की तब जाकर मामला सामने आया।
पुलिस कार्रवाई से भयभीत होकर आरोपियों ने लड़की को उत्तर प्रदेश भेज दिया था जहां से पुलिस उसे लेकर यहां आई। पुलिस ने लड़की की मां, पिता और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता की सोमवार को मेडिकल जांच करवाई जाएगी।