नाथूराम गोडसे पर की गई टिप्पणी पर बढ़ते बवाल को देख भाजपा नेता साक्षी महाराज ने आज माफी मांग ली है। साक्षी महाराज की टिप्पणी पर विपक्ष ने शुक्रवार को लोकसभा में खूब हंगामा किया और कहा कि साक्षी महाराज को अपनी टिप्पणी पर मांफी मांगनी पड़ेगी। गौरतलब है कि आज दिन की शुरूआत में ही साक्षी महाराज और उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक के बयानों को लेकर दोनों सदनों की कार्यवाही बाधित हुई और लोकसभा को 11.25 तक के लिए स्थगित करना पड़ा था।
अपनी टिप्पणी पर माफी मांगते हुए साक्षी महाराज ने कहा, "मैं बापू का सम्मान करता हूं और संसद का भी। मैं अपने शब्दों को वापस लेता हूं और यदि मेरे कहे से किसी को ठेस पहुंची है तो मुझे उसका पछतावा है। वहीं संसदीय कार्य मंत्री वैंकैया नायडू ने भी कहा कि वो साक्षी महाराज की टिप्पणी की निंदा करते हैं।"
महात्मा गांधी की हत्या करने वाले नाथूराम गोडसे को लेकर महाराष्ट्र में पिछले महीने शौर्य दिवस का आयोजन किया गया था और गुरुवार को साक्षी महाराज ने नाथूराम गोडसे को देशभक्त बताकर हंगामा खड़ा कर दिया था। हालांकि साक्षी महाराज जल्द ही अपने पूर्व बयान से पलट गए और उन्होंने कहा कि वो नाथूराम गोडसे को कभी भी राष्ट्रभक्त के तौर पर स्वीकार नहीं कर सकते हैं।