भारत की साइना नेहवाल ने ऑल इंग्लैंड बैडमिंटन चैंपियनशिप के फ़ाइनल में पहुंचकर इतिहास रच दिया है। साइना इन टूर्नामेंट में खिताबी मुक़ाबले में जगह बनाने वाली भारत की पहली महिला खिलाड़ी हैं। शनिवार को साइना ने चीन की सुन यु को लगातार गेम्स में 21-13, 21-13 से पराजित किया।
साइना पूर्व विश्व चैंपियन वांग यिहान को हराकर सेमीफ़ाइनल में पहुँची थीं। इससे पहले, साइना ने चीन की ही खिलाड़ी और पूर्व विश्व चैंपियन वांग यिहान को हराकर सेमी-फ़ाइनल में प्रवेश किया था।
यिहान पर साइना की ये पहली जीत थी। साइना ने ये जीत महज़ 39 मिनट में हासिल की थी। ऑल इंग्लैंड बैडमिंटन चैंपियनशिप में साइना इकलौती भारतीय चुनौती बची हैं।
ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा की जोड़ी गुरुवार को दूसरे दौर में शीर्ष वरीयता प्राप्त चीन की तियान किंग और झाओ यून्लेइ के हाथों हारकर बाहर हो गई थी। वहीं, पुरुषों के वर्ग में पी कश्यप के अलावा दुनिया के पांचवें नंबर के खिलाड़ी के श्रीकांत और अजय श्रीराम पहले दौर में हारकर बाहर हो गए थे।