क्रिकेट से मिले ब्रेक के दौरान उच्च सदन पहुंचे राज्यसभा सांसद मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर सोमवार को राजनीति की पिच को भांपते नजर आए।
मनोनीत होने के बाद तीसरी बार सदन में आए तेंदुलकर ने कार्यावली को ध्यान से पढ़ा और पूरे समय कार्यवाही को समझने की कोशिश की।
इस दौरान उन्होंने सदन में हंगामे का भी नजारा देखा। मानसून सत्र के पहले दिन सचिन की सदन में उपस्थिति ने कई सदस्यों को रोमांचित कर दिया।
टीम को दी गई बधाई पर मेज थपथपाई
सचिन दूसरे मनोनीत सदस्य मशहूर गीतकार जावेद अख्तर के बगल में बैठे रहे। सदन की कार्यवाही शुरू होने पर सभापति हामिद अंसारी द्वारा चैंपियंस ट्रॉफी जीतने पर भारतीय क्रिकेट टीम को दी गई बधाई पर सचिन ने देर तक मेज थपथपाई।
इसी बीच तेलंगाना मसले पर शुरू हुए हंगामे को अपलक देखते हुए मास्टर ब्लास्टर मुद्दे को भांपने की कोशिश करते रहे। हंगामे के बीच ही उन्होंने जावेद अख्तर से वस्तु स्थिति समझने की कोशिश की।
देखें फोटो, जब संसद पहुंचे सचिन
कार्यवाही दोबारा शुरू होने पर राजीव शुक्ला ने सचिन को प्रधानमंत्री से मिलवाया। दोनों के बीच कुछ देर तक बात हुई।
सचिन वनडे क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं और वर्तमान में कोई टेस्ट सीरीज नहीं है। ऐसे में फुर्सत के दिनों में शुरू हुए मानसून सत्र में पहुंचकर सचिन ने सभी को चौंका दिया।
हाथ मिलाने की होड़
संसद भवन परिसर में सुरक्षाकर्मियों और कार्यवाही देखने आए दर्शकों की तो छोड़िए सांसद भी सचिन की एक झलक पाने को बेताब दिखे।
संसदीय कार्य राज्यमंत्री राजीव शुक्ला के साथ धारीदार कमीज और काली पैंट पहने सचिन जैसे ही सदन में पहुंचे, उनसे मिलने की होड़ मच गई।
सीट पर पहुंचने से पहले उनसे कई सांसदों ने हाथ मिलाया। सदन की कार्यवाही स्थगित होते ही कई सांसद सचिन के पास पहुंच गए। किसी ने ऑटोग्राफ लिया तो किसी ने उनका फोन नंबर मांगा।
अंजलि ने दर्शक दीर्घा से किया दीदार
संसद पहुंचे सचिन के साथ उनकी पत्नी अंजलि तेंदुलकर भी पहुंची। उन्होंने दर्शक दीर्घा में बैठकर ‘माननीय’ सचिन का दीदार किया। वह दर्शक दीर्घा से पूरे नजारे में दिलचस्पी लेती दिखीं।
तीसरी बार पहुंचे सदन
यह तीसरा मौका था, जब सचिन तेंदुलकर ने संसद में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इससे पहले वह एक बार शपथ लेने और एक बार राष्ट्रपति चुनाव में वोट डालने ही संसद आए थे।