क्रिकेट की दुनिया के ‘भगवान’ सचिन तेंदुलकर का भले ही वनडे क्रिकेट में रन बनाने का सिलसिला थम गया हो, लेकिन सोशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक पर उनका धमाल बदस्तूर जारी है। देश की सबसे ज्यादा लोकप्रिय हस्तियों में से एक सचिन के फेसबुक पेज से 90 लाख से ज्यादा लोग जुड़ चुके हैं और इस संख्या में हर दिन इजाफा होता ही जा रहा है।
सचिन ने इस बात की खुशी अपने फेसबुक पेज पर कुछ इस तरह बयां की, ‘90 लाख शुक्रिया! मुझे विशेष बनाने के लिए आप सभी का बेहद शुक्रिया।’ तेंदुलकर ने पिछले साल सितंबर में फेसबुक पर अपना एकाउंट बनाया था और कुछ ही घंटों में चार लाख लोगों ने उन्हें फॉलो करना शुरू कर दिया था। उन्होंने एक वीडियो संदेश के साथ अपने फेसबुक पारी की शुरुआत की थी।