मढ़करीमपुर गांव में शुगर मिल कर्मी की रविवार देर रात फावड़े से काट कर हत्या कर दी गई और शव रजवाहे में फेंक दिया गया। सोमवार सुबह शव मिलते ही ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा।
गुस्साए लोग शव लेकर हाईवे जाम करने पहुंचे तो पुलिसकर्मियों ने उन्हें खदेड़ दिया। इससे ग्रामीण उग्र हो उठे और पुलिस पर पथराव कर दिया। जिसमें इंस्पेक्टर खतौली सिर में पत्थर लगने से घायल हो गए।
पुलिस ने कई राउंड हवाई फायर कर भीड़ को तितर बितर किया। इस पर बड़ी संख्या में महिलाओं ने सड़क पर लेट कर दिल्ली-हरिद्वार हाईवे जाम कर दिया।
बाद में पीड़ित परिवार को पांच लाख रुपये की आर्थिक मदद और मृतक के बेटे को शुगर मिल में नौकरी दिलवाने के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए। मृतक के बेटे सौरभ ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
खतौली कोतवाली क्षेत्र के गांव मढ़करीमपुर निवासी राजेश (48)पुत्र ठा. अमरपाल सिंह खतौली मिल में नौकरी करता था। वह रविवार रात में गांव के ही बंटी, राजीव, राजेंद्र के साथ खेतों की सिंचाई करने के लिए जंगल में गया था।