सरकार और संघ की समन्वय बैठक में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने मोदी सरकार और भाजपा के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड रखा। शाह के जरिए पेश सरकार के कामकाज के ब्यौरे के बाद संघ संगठनों की ओर से कुछ खामियां भी गिनाई गईं।
तीन दिनों तक चलने वाली संघ, सरकार और भाजपा की समन्वय बैठक के पहले दिन वैसे तो चर्चा आर्थिक विषयों पर थी। मगर शाह और सरकार के मंत्रियों ने अपने कामकाज के ब्यौरे से संघ के शीर्षस्थ नेताओं को अवगत कराया। हालांकि भाजपा महासचिव राम माधव ने कहा है कि समन्वय बैठक में सरकार के कामकाज की समीक्षा सरीखे कोई चर्चा नहीं हुई है।
मगर सूत्रों के अनुसार शाह के जरिए सरकार के कामकाज का ब्यौरा रखने के बाद कृषि मंत्री राधामोहन सिंह, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री निर्मला सीतारमन, सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और वित्त मंत्री अरूण जेटली ने अपने विभाग के कामकाज का ब्यौरा रखा।
राधा मोहन ने कृषि क्षेत्र में किए गए कामकाज की जानकारी विस्तार से रखी है। कृषि के मामले पर पूरा एक सत्र चर्चा के लिए रखा गया था। खेती से कम होती आमदनी मुख्य रूप से संघ के लिए चिंता की वजह रही। इसपर सिंह ने अपने प्रयासों से परिवार को अवगत कराया।