राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने 2017 में होने वाले यूपी विधानसभा चुनाव का मास्टर प्लान (चक्रव्यूह) तैयार कर लिया है। संघ ने इस मास्टर प्लान को धरातल पर उतारने के लिए जिलों में एक अलग टीम गठित की है। इस टीम में संघ के प्रचारकों, स्वयंसेवकों और भाजपा के जनप्रतिनिधियों को शामिल किया गया है।
चक्रव्यूह की रचना करने वाली टीम की नजर पर सत्तारुढ़ समाजवादी पार्टी की युवा विंग पर है। संघ ने अपनी चक्र्तव्यूह टीम से समाजवादी युवजन सभा, समाजवादी छात्रसभा, मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड और लोहिया वाहिनी की गतिविधियों पर नजर रखने को कहा है। संघ का मानना है कि युवा समाजवादियों की यही टीम पार्टी की रीढ़ है और चुनाव में इनकी सक्रियता से ही पार्टी को बल मिलता है।
संघ के रणनीतिकारों का मानना है कि 2017 में यूपी को फतह करने के लिए भाजपा को ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में सीटें चाहिए होंगी। इसके लिए अभी से ही तय कार्ययोजना पर काम शुरू करना होगा। पंचायत चुनाव में पूरी ताकत से उतरने का एलान भी इसी योजना का हिस्सा बताया जा रहा है।
पंचायत चुनाव के जरिए पार्टी 2017 के लिए अपनी तैयारियों को परखना चाहती है। संघ के प्रचारकों का मानना है कि पंचायत चुनाव के परिणामों से संगठन की तैयारी और ताकत का अंदाजा तो लग ही जाएगा, साथ ही आम जनता के बीच मोदी की साख और लोकप्रियता का भी परीक्षण हो जाएगा।