संघ भाजपा समन्वय समिति की दो दिवसीय बैठक मकर संक्रांति के तत्काल बाद दिल्ली में होगी। बैठक में संघ मुख्य रूप से आने वाले विधानसभा चुनाव, टीम भाजपा, अनुसूचित जाति-जनजाति आरक्षण को सीमित दायरे से बाहर निकालकर वंचित परिवारों तक पहुंचाने और वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) सहित अन्य बिलों पर सरकार और भाजपा के प्रतिनिधियों के साथ मंथन करेगा।
बैठक में संघ की ओर से सर कार्यवाह भैयाजी जोशी, सह सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले, समन्वय की जिम्मेदारी संभाल रहे सह सरकार्यवाह कृष्णगोपाल, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, संगठन महासचिव राम लाल शामिल होंगे। खासतौर से एससी-एसटी आरक्षण मामले में विचार विमर्श के दौरान खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उपस्थित रह सकते हैं।
गौरतलब है कि मंगलवार को शुरू हुई संघ के अपने अनुषांगिक संगठनों के साथ तीन दिवसीय बैठक शुरू हुई है। इस बैठक में संघ अपने अनुषांगिक संगठनों के साथ सरकार और पार्टी की नीतियों पर चर्चा करेगा। इसमें खासतौर पर भाजपा के अध्यक्ष पद के लिए भी संघ अपना मानस तैयार करेगा।