झांसी-ललितपुर संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी उमा भारती ने कहा है कि देश में एनडीए की सरकार बनने पर हरियाणा व राजस्थान के भूमि घोटाले के मामले में सोनिया गांधी के दामाद रॉबर्ट वाड्रा जेल में होंगे।
उमा भारती ने कहा कि सत्ता परिवर्तन के संकेत मिलते ही वाड्रा अभी से अपने बचाव में जुट गए हैं। हरियाणा की हुड्डा सरकार भी उनकी मदद कर रही है। बलात्कार के अपराध में सजा को लेकर मुलायम सिंह द्वारा दिए गए बयान को शर्मनाक बताते हुए उन्होंने कहा कि देश के साथ-साथ मुलायम के परिवार की महिलाओं को भी उनके विरोध में खड़े हो जाना चाहिए। मुलायम सिंह ने महिलाओं को अपमानित किया है।
उमा भारती ने अमित शाह को कुशल राजनेता बताते हुए कहा कि उनकी तुलना आजम खान से नहीं की जा सकती। निर्वाचन आयोग ने शाह के साथ अन्याय किया है।