शाहजहांपुर के रोजा में नेशनल हाईवे पर बुधवार शाम जमुका स्थित रिलायंस पावर ग्रिड के सामने टैंकर और पिकअप की आमने-सामने हुई भिड़ंत में नौ लोगों की मौत हो गई और दो बुरी तरह जख्मी हो गए।
हादसे में पिकअप में सवार छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच को गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान एक और दो ने बरेली ले जाते वक्त दम तोड़ दिया।
शाम करीब साढ़े चार बजे सीतापुर की तरफ से सवारी भरकर आ रही तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी का अचानक सामने आई ठेली से बचने के चक्कर में संतुलन बिगड़ गया और वह शाहजहांपुर शहर की तरफ से आ रहे हिंदुस्तान पेट्रोलियम के टैंकर से भिड़ गई।
मृतकों की पहचान रोजा की मठिया कॉलोनी निवासी 48 वर्षीय रामभरोसे पुत्र छेदालाल, फरीदपुर (बरेली) क्षेत्र के लाइनपार खल्लापुर रोड निवासी 40 वर्षीय नरेश गुप्ता पुत्र बादशाह, मैगलगंज (लखीमपुर खीरी) क्षेत्र के मोहल्ला नवाबपुर निवासी 65 वर्षीय शब्बन और उनके भतीजे 30 वर्षीय सद्दाम पुत्र राशिद के तौर पर हुई।
जेब में मिले कागजों से हुई पहचान
पुलिस के मुताबिक, दो मृतकों की जेब में मिले कागजों से उनके शाहबाद (हरदोई) क्षेत्र के गांव अल्हापुर निवासी बाबूराम के पुत्र कामेश पाल और रमेश पाल होने का अनुमान लगाया गया है। जिला अस्पताल में दम तोड़ने वाले मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है, वह धारीदार लाल रंग की शर्ट पहने था।
बरेली ले जाते वक्त घायल शिवाकांत और मृतक रामभरोस के भाई राजाराम सैनी ने दम तोड़ा। शिवाकांत का भी नाम उसकी जेब में मिले कागज से मालूम हुआ, पता लगाने की अभी पुलिस कोशिश कर रही है।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे रिलायंस पॉवर ग्रिड के कर्मचारियों ने रोजा पुलिस की मदद से सभी घायलों को टेंपो से जिला अस्पताल पहुंचाया। घायलों में शामिल सीतापुर पुलिस लाइंस में तैनात दरोगा सत्यपाल सिंह निवासी मोहम्मदपुर थाना बीसलपुर (पीलीभीत) को बरेली के गंगाचरण अस्पताल भेजा गया है, जबकि दूसरे मैगलगंज निवासी सुधाकर उर्फ अंकित को लखनऊ रेफर किया गया है।
खाई में गिरी बस, छह जिंदा जले
सोनौली में बुटवल से सवारी भरकर नेपालगंज नानपारा जा रही बस मंगलवार की रात अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। इससे बस में आग लग गई। हादसे में छह यात्री की जिंदा जल गए और दस लोग घायल हो गए। घायलों का इलाज बुटवल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर किया जा रहा है। मृतकों की शिनाख्त में पुलिस जुटी हुई है।
बुटवल बस पार्क से सवारी लेकर नेपालगंज जा रही बस बांके चप्परगौरी नामक स्थान पर अनियंत्रित होकर सड़क से 25 मीटर नीचे खाई में गिर गई। बस के गिरते ही धमाके के साथ उसमें आग गई। इसमें सवार 33 यात्रियों में छह लोग जलकर मर गए, जबकि दस लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दांग के पुलिस अधीक्षक एस कुबेर कड़ायत ने बताया कि बस की गति तेज थी, जिससे यह दुर्घटना हुई है।
बस में भारी मात्रा में भारत से अवैध रूप से लाया गया पेट्रोल डीजल भी था। इससे बस में धमाके के साथ आग लग गई। मरने वालों की जलने के कारण पहचान नहीं हो पा रही है। सभी घायलों का इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बुटवल में हो रहा है।