यौन उत्पीड़न के आरोप में जेल में बंद आसाराम के कारण गाजियाबाद के एक दंपत्ति में तलाक की नौबत आ गई है। शादी इसी साल मई में हुई थी।
सुहागरात को पत्नी ने बताया कि उसने आसाराम से दीक्षा ली है, इसलिए वह सेक्स नहीं कर सकती। इस पर दोनों में विवाद हो गया। तब से युवती मायके में रह रही है।
पत्नी ने दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। परिवार परामर्श केंद्र में दोनों की काउंसलिंग चल रही है।
कविनगर के रहने वाले युवक का आरोप है कि उसकी शादी इसी साल मई में शहर कोतवाली क्षेत्र की युवती से हुई थी। सुहागरात पर पत्नी ने उससे कहा कि उसने आसाराम से गुरुदीक्षा ली हुई है, इसलिए उससे संबंध नहीं बना सकती। तब से वह मायके में ही रह रही है और उस पर झूठा उत्पीड़न का आरोप लगा रही है।
पत्नी का कहना है कि शादी के कुछ दिन बाद उसने आसाराम से गुरुदीक्षा लेने की बात पति को बताई थी, मगर उसने संबंध बनाने को मना नहीं किया था। दीक्षा की बात सुनकर पति ने ही उससे संबंध बनाने से इनकार कर दिया। उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया।
उसने बताया कि प्रताड़ना से परेशान होकर वह मायके में रह रही है। सदमे में उसकी मां की मौत भी हो चुकी है।
परिवार परामर्श केंद्र प्रभारी एसआई अंजू तेवतिया ने बताया कि पत्नी के आसाराम से गुरुदीक्षा लेने की बात पर दंपति में कलह चल रही है। दोनों को फिर से बृहस्पतिवार को परिवार परामर्श केंद्र में बुलाया गया है।