उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (पीसीएस-2010) का अंतिम परिणाम बुधवार को घोषित कर दिया। 29 पदों के लिए कुल 407 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं। गाजियाबाद के अरविंद कुमार सिंह ने परीक्षा में टॉप किया।
इसके बाद के छह स्थान पर इलाहाबाद के मेधावियों ने कब्जा जमाया। रिजल्ट देखने के लिए आयोग कार्यालय पर प्रतियोगियों की भीड़ और उत्साह का माहौल रहा। जिला उद्यान अधिकारी श्रेणी-2 में अनुसूचित जाति का अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं होने के कारण एक पद खाली रह गया।
इलाहाबाद में रहकर पढ़ाई तथा तैयारी करने वाले विवेक कुमार मिश्रा ने दूसरा, सुशील प्रताप सिंह ने तीसरा तथा पंकज कुमार वर्मा ने चौथा स्थान हासिल किया। इलाहाबाद विश्वविद्यालय से एलएलबी करने वाली मूलत: बागपत निवासी रितु पुनिया ने लड़कियों में टॉप किया। वह मुख्य सूची में पांचवें स्थान पर हैं।
इलाहाबाद की श्रद्धा शांडिल्य ने छठा स्थान प्राप्त किया। सुशील का 2007, 2008 और 2009 में भी चयन हो चुका है लेकिन उन्होंने एसडीएम बनने की ठानी थी। अबकी उनकी मेहनत रंग लाई। लड़कियों में टॉपर रितु का भी 2008 में डिप्टी एसपी पद पर हो चुका है। इन दिनों वह मुरादाबाद में ट्रेनिंग ले रही हैं। कुल सफल होने वालों में 100 से अधिक प्रतियोगी इलाहाबाद के हैं।
28 अगस्त से 22 सितंबर के बीच आयोजित साक्षात्कार में कुल 1365 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। घोषित परिणाम में एसडीएम के 27 तथा डिप्टी एसपी के 14 पद हैं। सबसे अधिक 89 पद नायब तहसीलदार के हैं। सीटीओ के 51 पद हैं। बीडीओ के 15, कोषाधिकारी के तीन, टीटीओ के 37, डीडीओ 10, जिला विकलांग अधिकारी के 38 के पद शामिल हैं।
आयोग के सचिव बीबी सिंह ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों के आगे प्रोविजनल लिखा है, वे निर्धारित अवधि के अंदर वांछित दस्तावेज प्रस्तुत कर दें। अभ्यर्थियों के प्राप्तांक तथा श्रेणीवार और पदवार कट ऑफ की सूचना जल्द ही वेबसाइट पर जारी की जाएगी। इसकी सूचना समाचार पत्रों में भी प्रकाशित की जाएगी।
सचिव ने बताया कि इस संबंध में सूचना का अधिकार के तहत कोई भी आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि परिणाम हाईकोर्ट के अधीन होगा।