राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के मुखपत्र ऑर्गेनाजर में छपे एक आलेख में कहा गया है कि दिल्ली की औरंगजेब रोड का नाम बदलने का सुझाव पाकिस्तान मूल के पत्रकार तारेक फतेह ने दिया था, आरएसएस, विश्व हिंदू परिषद या बजरंग दल की इसमें कोई भूमिका नहीं है।
आलेख में औरंगजेब रोड का नाम पूर्व राष्ट्र्रपति डॉ एपीजे अब्दुल के नाम पर किए जाने के फैसले को 'सांस्कृतिक पुनर्जीवन' बताते हुए कहा गया है कि तारेक फतेह पाकिस्तान मूल के पत्रकार हैं और वे कनाडा में रहते हैं। 2013 में उन्होंने भारत का दौरा किया था, उस समय दिल्ली में औरंगजेब के नाम पर सड़क देख वह हैरान रह गए थे।
लेख के मुताबिक, उन्होंने ही भारतीय मुसलमानों से अपील की थी कि वे सड़क का नाम बदलवाने के लिए पहल करें। उन्होंने कहा कि था कि सड़क का नाम औरंगजेब के बजाय दारा शिकोह के नाम पर होना चाहिए। औरंगजेब हत्यारा था, जबकि दारा शिकोह दयालु और विद्वान था।