दिल्ली के आसपास के शहरों को रैपिड रेल से जोड़ने की योजना में अब हरियाणा के रोहतक, हिसार और यूपी के बड़ौत का नाम भी जुड़ गया है। सरकार दिल्ली से शाहदरा होते हुए बड़ौत और दिल्ली से रोहतक होते हुए हिसार तक रैपिड रेल कॉरिडोर बनाने की योजना तैयार कर रही है। दिल्ली से अलवर, दिल्ली-मेरठ (वाया गाजियाबाद) और दिल्ली-पानीपत रैपिड रेल कॉरिडोर का ऐलान पहले ही किया जा चुका है।
बृहस्पतिवार को दिल्ली के उपराज्यपाल तेजेंद्र खन्ना, हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और उत्तर प्रदेश के मंत्री अभिषेक मिश्रा के साथ हुई बैठक के बाद केंद्रीय शहरी विकास मंत्री कमलनाथ ने प्रस्तावित रैपिड रेल कॉरिडोर की संख्या तीन से बढ़ाकर पांच करने की घोषणा की।
मंत्रालय का अनुमान है कि दिल्ली और आसपास के करीब 22 लाख लोग इस सुविधा का लाभ उठाएंगे। अगर शहरी विकास मंत्रालय की कोशिशें कामयाब रहीं तो मेरठ, बड़ौत, रोहतक, हिसार, पानीपत और अलवर से दिल्ली पहुंचना बेहद आसान हो जाएगा। इससे दिल्ली पर आबादी के बोझ को कम करने में भी मदद मिल सकती है। साथ ही राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र से दिल्ली के बीच संपर्क बेहतर हो पाएगा।
बैठक के बाद कमलनाथ ने कहा कि बढ़ती आबादी को देखते हुए आसपास के छोटे शहरों से दिल्ली के बीच परिवहन सुविधा को सुधारना जरूरी है। संबंधित राज्यों के साथ दिल्ली-अलवर, दिल्ली-मेरठ और दिल्ली-पानीपत रैपिड रेल ट्रांजिट सिस्टम पर चर्चा हुई है। इनकी प्लानिंग रिपोर्ट तैयार कराई जा रही हैं और इनके निर्माण पर करीब 72 हजार करोड़ रुपये खर्च का अनुमान है।
उम्मीद है कि अगले दो साल में इन पर काम आगे बढ़ जाएगा। दिल्ली-अलवर रैपिड रेल कॉरिडोर गुड़गांव से गुजरेगा जबकि मेरठ की रैपिड रेल गाजियाबाद होकर जाएगी। इसी तरह पानीपत वाले रूट का फायदा सोनीपत को भी मिलेगा। इनमें अलवर वाले रूट की लंबाई सबसे अधिक 180 किमी और मेरठ की सबसे कम 90 किमी है।
ट्रांजिट ओरिएंटेड कॉरिडोर (टीओडी) भी बनेगा
रैपिड रेल कॉरिडोर के आसपास के इलाकों को इससे जोड़ने के लिए एनसीआर प्लानिंग बोर्ड ने 16 ट्रांजिट ओरिएंटेड कॉरिडोर (टीओडी) बनाने का प्रस्ताव दिया है। दिल्ली-पानीपत के बीच तीन, दिल्ली-अलवर के बीच 9 और दिल्ली-मेरठ के बीच चार टीओडी बनाने की योजना है। इससे लोगों को रैपिड रेल तक पहुंचने में मदद मिलेगी।
एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन को गुड़गांव तक बढ़ाने की मांग
हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने दिल्ली एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन को द्वारका सेक्टर-21 से गुड़गांव तक बढ़ाने की मांग की है। कमलनाथ के साथ बैठक में हुड्डा ने कहा कि इससे गुड़गांव और एयरपोर्ट के बीच संपर्क बेहतर होगा। हरियाणा सरकार इस प्रोजेक्ट की उपयोगिता रिपोर्ट का आधा खर्च उठाने को तैयार है।