भाजपा नेता डा. सुब्रह्मण्यम स्वामी ने कहा है कि गोहत्या पर प्रतिबंध लगेगा और राम मंदिर भी बनेगा। सुब्रह्मण्यम स्वामी मथुरा में गोरक्षा आंदोलन के 50 वर्ष पूरे होने के मौके पर दाऊजी मंदिर में शनिवार को आयोजित गोरक्षा स्मृति सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक हिंदू को गोमाता को बचाने का संकल्प लेना चाहिए। गोमाता में देवी-देवताओं का वास है। प्रत्येक व्यक्ति को आगे आना होगा, तभी गोमाता बचेगी। डा. स्वामी ने कहा कि भारतीय संस्कृति सबसे प्राचीन है। अधिकांश संस्कृतियां विलुप्त होती जा रही हैं लेकिन भारतीय अपनी विरासत को बचाए हुए हैं। उन्होंने हिंदुत्व को बचाने के लिए एकजुटता पर बल दिया। आश्वस्त किया कि राम मंदिर भी शीघ्र ही पूरी कानूनी प्रक्रिया के अनुसार बन कर रहेगा।
शंकराचार्य स्वामी रामदेवानन्द सरस्वती महाराज, मंदिर रिसीवर आरके पांडेय, कैप्टन हरिहर शर्मा ने गोहत्या पर कड़ा कानून लाने की मांग उठाई। कार्यक्रम में गोपेश्वर चतुर्वेदी, फूलडोल महाराज, महामंडलेश्वर नवलगिरी महाराज, चित्य प्रकाशानन्द महाराज, हरीबोल महाराज, आदित्यानन्द महाराज, अखण्डानन्द महाराज, बैरागी महाराज ने भी विचार व्यक्त किए।
शहीद कैप्टेन राकेश शर्मा की स्मृति में पुस्तक ‘समर्पण’ का विमोचन किया गया। शहीद की पत्नी इंदु शर्मा को साधु-संतों और उमा शक्ति पीठ की ओर से एक लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया। हरीश शर्मा, मदन गोपाल पाण्डेय, बैकुन्ठनाथ पाण्डेय, ब्रजेश पाण्डेय, मनीराम शर्मा, राकेश बंसल, बदन सिंह आदि उपस्थित रहे। संचालन बद्रीश महाराज ने किया। अध्यक्षता नृत्यगोपाल दास महाराज ने की।