फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

BJP में टेंशनः जसवंत पर राजनाथ ने तोड़ी चुप्पी, सुषमा को करारा जवाब

Wed, 26 Mar 2014 05:14 PM IST
टीम डिजिटल/अमर उजाला, दिल्ली
विज्ञापन
विज्ञापन
भाजपा के वरिष्ठ नेता जसवंत सिंह को राजस्थान के बाड़मेर से टिकट न मिलने पर पार्टी की वरिष्ठ नेता सुषमा स्वराज ने नाराजगी जाहिर की थी। उन्होंने कहा था कि जसवंत को टिकट न देने का कुछ अलग कारण रहा होगा, क्योंकि केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में उन्हें बाड़मेर से टिकट न देने पर कोई फैसला नहीं हुआ था।
विज्ञापन


पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने सुषमा स्वराज की इस बात का खंडन किया है। उन्होंने कहा, ''जसवंत सिंह को बाड़मेर से टिकट देने पर केंद्रीय चुनाव समिति में चर्चा की गई थी और यह निर्णय राजनीतिक मजबूरियों की वजह से लिया गया है।''

राजनाथ के मुताबिक, "चाहते तो हम सब भी थे कि उन्हें बाड़मेर से टिकट दिया जाए, लेकिन वो संभव न हो सका।"

'हम भी चाहते थे उन्हें टिकट देना'

राजनाथ सिंह ने एक चैनल को दिए इंटरव्यू में कहा कि हम सब जसवंत सिंह को टिकट देना चाहते थे, लेकिन उन्हें बाड़मेर से टिकट देना हमारे लिए मुमकिन नहीं रह गया था।

सिंह ने कहा, ''जसवंत सिंह ने उन्हें बाड़मेर से चुनाव लड़ाने की बात कही थी और मैंने उनसे वादा किया था कि मैं इस बारे में राजस्‍थान भाजपा से बात करूंगा, लेकिन राजनीतिक मजबूरियों की वजह से उन्हें टिकट नहीं दिया जा सका।''

जब सुषमा स्वराज के बयान के बारे में उनसे पूछा गया, तो उन्होंने ज्यादा विस्तार में कहने से मना कर दिया और सिर्फ इतना कहा कि राजस्‍थान की सभी सीटों के बारे में केंद्रीय चुनाव समिति में चर्चा की गई थी।

विज्ञापन

'असामान्य हालात में असामान्य फैसला'

राजनाथ ने एक तरफ जसवंत सिंह को उनकी मर्जी के मुताबिक बाड़मेर से टिकट न देने पर दुख जताया, तो दूसरी तरफ उन्होंने कहा कि असामान्य हालात में असामान्य फैसले करने पड़ते हैं।

पूरे इंटरव्यू के दौरान पार्टी अध्यक्ष राजनीतिक मजबूरियों का रोना रोते रहे, लेकिन उन्होंने किसी भी बात पर विस्तार से बात करने से मना कर दिया। इससे यह तो साफ है कि अंदरूनी झगड़ों से हमेशा जूझने वाली भाजपा फिर कलह की शिकार हो रही है।

इस बार पार्टी को पूर्ण विश्वास है कि बीजेपी जीतेगी और मोदी लहर अपना काम करेगी। इसीलिए वरिष्ठ नेताओं की नाराजगी हो या फिर संतों से मुंह फेरना हो, जीतने के लिए सब कुछ किया जा रहा है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें