दिल्ली-एनसीआर में बृहस्पतिवार देर शाम मौसम का मिजाज अचानक बदल गया।
कई इलाकों में तेज बारिश और आंधी के साथ ओले भी पडे़। इससे एक बार फिर लोगों को गर्मी में ठंड का अहसास हुआ।
सुबह से ही हल्की धूप थी। शाम 5 बजे छाए काले बादलों से रात का नजारा देखने को मिला। पहले तेज आंधी चली। फिर बारिश शुरू हो गई।
इससे तापमान में चार से पांच डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। तेज फुहारों के साथ गिरे ओलों ने दफ्तर से घर लौटने वालों के लिए खासी समस्या खड़ी कर दी।
झमाझम बारिश से दिल्ली के कई इलाकों में जाम भी लग गया। मौसम विभाग की होली के अगले दिन बारिश को लेकर की गई भविष्यवाणी सही साबित हुई।
मौसम विभाग ने दो-तीन दिन ऐसा ही मौसम रहने की संभावना जताई है। पहाड़ी इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिल्ली-एनसीआर का मौसम बदला है।
अगले 24 घंटों में फिर बारिश हो सकती है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, शाम से रात होने के दौरान तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट होती है, लेकिन बृहस्पतिवार को बारिश के चलते तीन घंटों में 8.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हुई।
दो अप्रैल को भी बारिश के आसार
मध्यम अवधि मौसम पूर्वानुमान केंद्र के मुताबिक एक अप्रैल को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड के ऊपरी इलाकों में बर्फबारी या बारिश हो सकती है। दो अप्रैल को पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, बिहार, दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है।