रेलमंत्री ने टिकट बुकिंग में सरचार्ज बढ़ाने के संकेत दिए हैं। उनका कहना है कि आरक्षण और कैंसिलेशन चार्ज बढ़ाने से टिकटों की कालाबाजारी रोकने में मदद मिलेगी।
रेल बजट पर चर्चा का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों में हम सभी सांसदों की मांगों को पूरा नहीं कर सकते हैं। मगर हमारा पक्का वादा है कि हम रेलवे की सेवाओं में सुधार लाएंगे।
उन्होंने कहा कि जल्द ही मैं महाप्रबंधकों की बैठक बुलाऊंगा तथा उनकी जिम्मेदारी तय करूंगा। स्टेशनों पर सुविधाओं के निर्माण में हम कॉरपोरेट सोशल रेस्पांसबिल्टी (सीएसआर) से भी मदद लेंगे तथा दो करोड़ रुपये तक इस मद से निवेश करने वाले कॉरपोरेट के नाम का पत्थर भी संबंधित कार्य स्थल पर लगाया जाएगा।
सभी सांसदों की मांगों को पूरा करने में असमर्थता जताते हुए उन्होंने कहा कि रेलवे के आधुनिकीकरण तथा संरक्षा संबंधी योजनाओं को ही पूरा करने के लिए रेलवे को 10 लाख करोड़ रुपये की जरूरत पड़ेगी। यह पैसा कहां से आएगा।
हमें चीन का उदाहरण दिया जाता है, वहां एक प्रतिशत ब्याज पर ऋण मिल जाता है, जबकि हमें सात फीसदी से ज्यादा ब्याज दर पर। उन्होंने कहा कि सोनिया जी ने ट्रेनों में बायो टॉयलेट बढ़ाने का अनुरोध किया था हम नये कोचों में शत प्रतिशत बायो टॉयलेट ही लगा रहे हैं। पुराने कोच में इसे बदलने में ज्यादा खर्च आ रहा है।
रेल मंत्री ने माना कि रेलवे के खानपान में अलग-अलग श्रेणी में जाने पर अंतर दिखाई देता है। इसे दुरुस्त करने के लिए सख्ती की है। पिछले छह महीने में खाने में गुणवत्ता की शिकायत मिलने पर 73 लाख रुपये का जुर्माना संबंधित कैटरिंग कंपनियों पर डाला गया है।
रेल मंत्री ने कहा कि रेलवे में 1.52 लाख पदों पर भर्ती का काम इसी साल पूरा कर लिया जाएगा। बंसल ने बताया कि अभी तक परमवीर तथा महावीर चक्र पाने वाले देश के सैनिकों के परिजनों को एसी सेकंड क्लास का पास दिया जाता था, अब उनके लिए प्रथम श्रेणी पास मान्य कर दिया गया है।