सोमवार से दिल्ली में आपको कई बदलाव देखने को मिलेंगे। जहां उत्तर रेलवे की नई समय सारणी से ट्रेनों का टाइम बदला है, वहीं डीएमआरसी ने एयरपोर्ट मेट्रो का परिचालन अपने हाथ में ले लिया है।
गर्मी की छुट्टियों के बाद बच्चों के स्कूल भी खुल गए हैं। जबकि एक फोन कॉल में घर या ऑफिस तक ऑटो रिक्शा की राहत देने वाली खबर भी है।
आज से उत्तर रेलवे का नया टाइम टेबल
यदि आप ट्रेन से सफर करने का मूड बना रहे हैं तो सतर्क होकर घर से निकलें। घर से निकलने के पूर्व रेलवे के हेल्पलाइन नंबर 139 या वेबसाइट पर नए समय की जानकारी लेकर निकलें।
उत्तर रेलवे का नया टाइम टेबल आज से लागू हो गया है। अधिकारियों के मुताबिक दिल्ली से जाने वाली 106 और आने वाली 85 ट्रेनों के समय में परिवर्तन किया गया है।
ये ट्रेनें दिल्ली, लखनऊ, मुरादाबाद फिरोजपुर और अंबाला मंडल से संचालित होती हैं।
मस्ती की पाठशाला ओवर
गर्मियों की लंबी छुट्टी के बाद सोमवार से राजधानी के सरकारी और प्राइवेट स्कूल खुल रहे हैं। मम्मी-पापा की भागदौड़ के साथ बच्चों को देर तक सोने की आदत भी आज से बदलनी होगी।
स्कूल से मिला ढेर सारा होमवर्क भी पूरा हो गया। बच्चों के साथ उनके अभिभावकों ने भी उनका स्कूल का काम पूरा कराने में खासी मेहनत की।
कॉल करके घर बुलाएं ऑटो रिक्शा
रेडियो टैक्सी की तर्ज पर बस एक फोन कॉल पर ऑटो रिक्शा आज से आप अपने घर या ऑफिस बुला सकते हैं।
राजधानी राइड सर्विस शुरू करने वाली गैर सरकारी संगठन सेंटर फॉर वीमेंन सेफ्टी एंड एंपावरमेंट (सीडब्ल्यूएसई) ने बुकिंग नंबर 011-30516000 जारी कर दिया है।
डीएमआरसी ही चलाएगी हाईस्पीड एयरपोर्ट मेट्रो
दिल्ली एयरपोर्ट मेट्रो एक्सप्रेस प्राइवेट लिमिटेड (डीएएमईपीएल) ने हाईस्पीड मेट्रो परिचालन से हाथ खींच लिये हैं। दिल्ली मेट्रोरेल कार्पोरेशन इस 22.7 किमी लाइन पर सोमवार से परिचालन करेगी।
परिचालन डीएएमईपीएल कर्मचारियों की मदद से ही होगा।