रेल बजट को स्थानीय स्तर पर और मजबूत बनाने के लिए रेलमंत्री सुरेश प्रभु ने ‘अमर उजाला’ के सुझावों को तरजीह दी है। दरअसल इसके लिए प्रभु की ओर से देश भर के बुद्धिजीवियों और संस्थानों से सुझाव मांगे थे।
इस कड़ी में ‘अमर उजाला’ इलाहाबाद की ओर से भेजे गए कई सुझावों पर अमल करते हुए अबकी बजट में जगह दी गई। इसमें प्रमुख रूप से ट्रेनों की औसत स्पीड बढ़ाने का सुझाव शामिल है।
इस मुद्दे को प्रमुखता देते हुए रेलमंत्री ने बृहस्पतिवार को एक्सप्रेस ट्रेनों की औसत स्पीड 80 किलोमीटर प्रति घंटा करने का ऐलान किया। फिलहाल ट्रेनों की औसत स्पीड 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा है।
इसी तरह ‘अमर उजाला’ ने ट्रेन में अकेली सफर करने वाली महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी ध्यान दिलाया था। इस मुद्दे को भी प्रभु ने प्रमुखता देते हुए स्पष्ट किया कि महिलाओं को आरक्षित कोच के मध्य भाग में बर्थ आवंटित की जाएगी।