कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कांग्रेस में भीतरघातियों को चेताते हुए अनुशासन में रहने की नसीहत दी है। राहुल ने कहा है कि हाईकमान भीतरघात को कतई बर्दाश्त नहीं करेगा। अगर कोई इसके लिए दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
राहुल मंगलवार को उड़ीसा के कटक में अपने दौरे के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। मंगलवार को प्रदेश की उनकी दो दिवसीय यात्रा खत्म हो गई। कटक में कार्यकर्ताओं को संदेश देते हुए राहुल ने कहा कि पार्टी में सुधार की दिशा में तीन बिंदुओं पर काम किया जा सकता है। समय पर टिकट देना, पार्टी में एकजुटता बनाना और जमीन से जुड़े कार्यकर्ताओं को सशक्त बनाकर पार्टी को जीत के रास्ते पर अग्रसर किया जा सकता है।
गौरतलब है कि अभी पिछले हफ्ते ही देशभर के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षों की बैठक में भी राहुल ने इसी तरह की चेतावनी दी थी। उन्होंने सभी प्रदेश अध्यक्षों से कहा था कि वह उनका यह संदेश सभी कार्यकर्ताओं तक पहुंचाए। राहुल ने पार्टी की एकजुटता को बाधित करने वालों को चेताते हुए उन्हें एकजुट रहने के लिए कहा है।
राहुल का मानना है कि जब तक एकजुटता नहीं बनेगी। पार्टी कभी जीत की राह पर नहीं बढ़ सकती। पार्टी उपाध्यक्ष ने कहा कि राज्य में कांग्रेस का तीस फीसदी वोट हिस्सेदारी है। इसे बढ़ाने की जरूरत है। राहुल ने कहा कि पार्टी में अनुशासन और एकजुटता बनाने की जरूरत है तभी पार्टी का वोट शेयर विरोधियों से ऊपर जा सकता है।
राहुल ने यहां तक कहा कि उन्हें पता है कि कई लोग अनावश्यक रूप से पार्टी में अनुशासन तोड़ रहे हैं और पार्टी की एकजुटता को नुकसान पहुंचा रहे है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि वह ऐसे लोग के खिलाफ कार्रवाई करने में नहीं हिचकेंगे।