अपहरण करने और गोली मारने की धमकी देकर कारोबारियों से रंगदारी मांगने वाले राहुल खट्टा का एनकाउंटर ईंट व्यवसायी की बहादुरी से हुआ है। ईंट व्यवसायी खट्टा की पल पल की लोकेशन सिपाही से लेकर आईजी तक देता था।
पुलिस अफसर ईंट व्यवसायी को मुख्यमंत्री से सम्मानित कराने में लगे है। उनकी बहादुरी पीड़ित कारोबारियों के लिए एक नजीर है।
थाना भवन, सहारनपुर के एक ईंट व्यवसायी से दो लाख के इनामी राहुल खट्टा ने 50 लाख की रंगदारी मांगी थी। व्यवसायी ने इसकी जानकारी सहारनपुर एसएसपी और शामली एसपी को दी। मामला आईजी आलोक शर्मा तक पहुंचा तो उन्होंने ईंट व्यवसायी की सुरक्षा में पुलिस और पीएसी लगा दी। खट्टा जब धमकी देता था, तभी व्यवसायी पुलिस अधिकारियों को इसकी जानकारी देता था।
पुलिस को दी खट्टा के आने की जानकारी
शुक्रवार दोपहर थाना भवन जाकर खट्टा ने व्यवसायी के भाई को धमकी देकर कहा, अगर पुलिस को सूचना दी तो तेरी हत्या कर देंगे। व्यवसायी ने बेधड़क एसपी शामली को खट्टा के आने की जानकारी दी।
कार्रवाई न होने पर व्यवसायी ने आईजी जोन को फोन किया। पुलिस महकमे की कार्रवाई पर सवाल उठाने पर व्यवसायी और आईजी में करीब पांच मिनट फोन पर बहस हुई।
आईजी ने भी अपना गुस्सा एसएसपी सहारनपुर पर निकाला। आईजी ने कहा कि तुम और तुम्हारी पुलिस पूरी तरह से नकारा हो गई है। सटीक जानकारी पर भी खट्टा को नहीं पकड़ सकी। आईजी की फटकार पर सहारनपुर एसएसपी नितिन तिवारी भी लाल पीले होकर पुलिस फोर्स को लेकर खट्टा की तलाश में निकल पड़े। तभी सर्विलांस टीम ने खट्टा की लोकेशन किशनपुरा, बड़ागांव के आसपास बताई।
सर्विंलांस टीम ने खट्टा की लोकेशन का पता लगाया
इसके बाद सहारनपुर और शामली पुलिस ने सहारनपुर, देवबंद और रामपुर जाने वाले मार्गों पर नाकाबंदी कर दी। एसएसपी नितिन तिवारी ने मोर्चा संभाला और अलगांव के पास में खट्टा की घेराबंदी कर ली। राहुल खट्टा और उसका साथी बिंते पुलिस मुठभेड़ में मारे गए।
आईजी ने बताया कि बृहस्पतिवार को राहुल खट्टा अपने साथियों के साथ अपने गांव खट्टा प्रहलादपुर, बागपत गया था। शुक्रवार सुबह साढ़े नौ बजे खट्टा सबसे पहले बागपत में अग्रवाल टटीरी मंडी पहुंचा। एक व्यापारी से रंगदारी मांगी और उसे जान से मारने की धमकी देकर थाना भवन, सहारनपुर पहुंच गया। करीब पौने 11 बजे उसने थाना भवन में ईंट व्यवसायी को जान से मारने की धमकी दी। उसके बाद वह थाना भवन बाजार में एक व्यापारी को धमकी देने पहुंचा।
ईंट व्यवसायी की सूचना के बाद सर्विंलांस टीम ने खट्टा की लोकेशन का पता लगाया।
ईंट व्यवसायी अपने परिवार के साथ शनिवार को आईजी से मिलने उनके ऑफिस में पहुंचा। व्यवसायी ने आईजी को खट्टा का खात्मा कराने की बधाई दी। आईजी ने भी उनकी लगातार सूचना देने पर सराहना की। दोनों ने एक दूसरे को मिठाई भी खिलाई।