भाजपा ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के एक सहयोगी कनिष्क सिंह पर हेलीकॉप्टर घूसकांड में शामिल होने का आरोप लगाया है। पार्टी ने कहा है कि इस सौदे की दलाली के तार सिंह से जुड़े हैं। कनिष्क राहुल गांधी के राजनीतिक प्रबंधन का काम देखते हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय सचिव किरीट सोमैया ने सीबीआई को पत्र लिखकर हेलीकॉप्टर सौदे में कनिष्क की भूमिका की जांच की मांग की है। उन्होंने बिचौलिए हेश्के के एम्मार-एमजीएफ कंपनी से रिश्ते और इस कंपनी से कनिष्क के संबंधों को इस आरोप का आधार बनाया है।
सोमैया की मानें तो सौदे के बिचौलिए हेश्के के साथ कनिष्क के संबंध हैं। हालांकि कंपनी ने सोमैया के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा है कि कनिष्क का एम्मार-एमजीएफ से कोई लेनादेना नहीं है। मगर भाजपा सचिव के इस आरोप के बाद राजनीतिक घमासान तेज होने के आसार बढ़ गए हैं।