कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने अब वन रैंक वन पेंशन योजना के लागू नहीं होने को मुद्दा बनाते हुए मोदी सरकार पर हमला बोला है। पूर्व सैन्यकर्मियों के प्रतिनिधिमंडल से शनिवार को मुलाकात के बाद राहुल ने कहा कि यदि सरकार इसे जल्द से जल्द लागू नहीं करती है तो कांग्रेस संसद के अंदर और बाहर इस मामले पर सरकार पर दबाव बनाएगी।
उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार ने वन रैंक वन पेंशन योजना को लागू करने के लिए पैसे लेकर सभी तरह की औपचारिकता पूरी कर ली थी लेकिन मोदी सरकार अपने एक साल के कार्यकाल में इसे लागू नहीं कर सकी। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल ने कहा कि एक साल हो गया लेकिन केंद्र सरकार इस मुद्दे पर कदम आगे नहीं बढ़ सकी। पूर्व सैनिकों ने सरकार का हर दरवाजा खटखटा लिया है, मगर इनकी मांग पर उनको कोई भरोसा नहीं मिला है।