फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मसूद का बचाव करने खुद सामने आए राहुल

Mon, 31 Mar 2014 04:14 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
विज्ञापन
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से कांग्रेस प्रत्याशी इमरान मसूद के विवादित बयान से हो रहे सियासी नुकसान के डैमेज कंट्रोल के लिए कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को खुद मैदान में उतरना पड़ा।
विज्ञापन


राहुल ने मसूद के बयान से किनारा करते हुए कहा कि कांग्रेस की सोच और परंपरा ऐसी नहीं है और यह बयान 6 महीने पुराना है। इससे पार्टी का कोई लेना देना नहीं है। पार्टी आपसी भाईचारे और शांति से लोगों का दिल जीतना चाहती है।

सियासी नफे नुकसान को भांपते हुए कांग्रेस उपाध्यक्ष ने सहारनपुर जाकर मसूद के समर्थन में रैली को भी संबोधित किया। भाजपा नेता नरेंद्र मोदी के खिलाफ विवादित बयान देने और शनिवार सुबह मसूद की गिरफ्तारी से पार्टी की जमकर किरकिरी हुई।
विज्ञापन

मसूद की गिरफ्तारी से फूले हाथ-पांव

मसूद की गिरफ्तारी की खबर आते ही कांग्रेस के मैनेजरों के हाथ पांव फूल गए। दोपहर तक कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल के सहारनपुर दौरे को लेकर आशंका जताते रहे। हालांकि आधिकारिक तौर पर राहुल के दौरे को रद्द करने का ऐलान नहीं किया गया था मगर ये बात चर्चा में थी कि मसूद की गिरफ्तारी के चलते राहुल वहां नहीं जाएंगे।

मगर बाद में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के बीच अंदरखाने चर्चा हुई कि रैली को लेकर तमाम तैयारियां हो चुकी हैं और अगर रैली निरस्त होती है तो अल्पसंख्यक समुदाय के बीच गलत संदेश जाएगा। साथ ही चुनावी मौसम में मसूद को लेकर सहानुभूति की बात भी कही गई।

यह भी माना गया कि उनके पक्ष में गोलबंदी हो सकती है और पार्टी को वहां से जीत भी मिल सकती है। इसी तरह का कुछ फीडबैक दिल्ली में कांग्रेस के वार रूम में पार्टी के मैनेजरों से भी राहुल को मिला। इस तर्क पर सहमति जताई गई कि यह मामला 6 महीने पुराना है और चुनाव के दौरान मसूद से दूरी बनाना ठीक नहीं होगा। आखिरकार राजनीतिक तौर पर मसूद की उम्मीदवारी को समर्थन देने का फैसला लिया गया।

दिग्विजय ने निभाई अहम भूमिका

बताया गया है कि कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह, उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष निर्मल खत्री और कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप माथुर ने राहुल के सहारनपुर जाने और मसूद की उम्मीदवारी को समर्थन देने की पैरोकारी करने में अहम भूमिका निभाई।

उसके बाद राहुल ने खुद गाजियाबाद रैली के दौरान सहारनपुर जाने का ऐलान किया। वहीं दूसरी ओर मसूद का टिकट बदलने के सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष निर्मल खत्री ने कहा कि उम्मीदवार बदलने का सवाल नहीं है। ये सीडी पिछले साल सितंबर की है। उस वक्त मसूद सपा में थे। इसलिए कांग्रेस का उनके बयान से कोई लेना देना नहीं है।

खत्री ने कहा कि ऐसे में आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन का सवाल ही कहां से पैदा होता है, जब बयान ही छह महीने पहले का है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में आने के बाद इमरान ने कोई गलत बात नहीं की है। वहीं कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप माथुर ने कहा कि भाजपा घटिया राजनीति कर रही है।
विज्ञापन

मसूद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग

भाजपा ने चुनाव आयोग से भड़काऊ बयान देने वाले सहारनपुर के कांग्रेस उम्मीदवार इमरान मसूद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पार्टी ने कांग्रेस के खिलाफ भी आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाया है और कहा है कि उसके खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए।

मसूद के भड़काऊ बयान की शिकायत करने चुनाव आयोग पहुंची भाजपा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता अब तक दो दर्जन बार आचार संहिता का उल्लंघन कर चुके हैं। इसके अलावा पार्टी ने अपने प्रधानमंत्री उम्मीदवार नरेंद्र मोदी समेत वरिष्ठ नेताओं को चुनाव प्रचार के दौरान समुचित सुरक्षा मुहैया कराने के लिए आयोग से दखल देने का भी आग्रह किया है।

पार्टी उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल चुनाव आयोग से मिला और इस संबंध में ज्ञापन दिया। इस प्रतिनिधिमंडल में महासचिव जे पी नड्डा और प्रवक्ता निर्मला सीतारमन आदि नेता मौजूद थे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें