फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी में नरेंद्र मोदी के असर से राहुल बेचैन

Sun, 10 Nov 2013 12:40 AM IST
संजय मिश्र/नई दिल्ली
विज्ञापन
विज्ञापन
उत्तर प्रदेश में नरेंद्र मोदी के बढ़ते कदमों से राहुल गांधी भी चिंतित माने जा रहे हैं। मोदी की कानपुर और बहराइच रैली में उमड़ी भीड़ को लेकर उनके तक पहुंची पार्टी की आंतरिक रिपोर्टों में मोदी के बढ़ते कदमों की जानकारी दी गई है।
विज्ञापन


लिहाजा, राहुल ने रिपोर्ट को संज्ञान में लेते हुए उत्तर प्रदेश कांग्रेस के नेताओं की सोमवार को बैठक बुला ली है। बैठक में प्रदेश में कांग्रेस की गतिविधियों और कार्यक्रमों मे तेजी लाने को लेकर योजना बनाई जाएगी।

खासकर 21 नवंबर से प्रदेश भर में कांग्रेस के धरना प्रदर्शन कार्यक्रम को सफल बनाने को लेकर खास इंतजाम करने की बात है। प्रदर्शन में सपा सरकार के अलावा खासतौर से नरेंद्र मोदी निशाने पर होंगे।
विज्ञापन


मोदी और राहुल गांधी दोनों उत्तर प्रदेश में रैलियां कर रहे हैं। मगर दोनों नेताओं की रैलियों में भीड़ चर्चा का मसला बना हुआ है। सियासी हलकों में इस बात की चर्चा है कि मोदी की रैली में जहां भारी संख्या में लोग उमड़ रहे हैं। वहीं राहुल की रैलियों में भीड़ उम्मीद से कम जुटी है।

माना जा रहा है कि रैली में भीड़ जुटाने के प्रबंधन की इस कमजोरी को लेकर कांग्रेस हाईकमान काफी खफा है। लिहाजा, रणनीति की समीक्षा और मजबूत होमवर्क करने पर विचार किया जा रहा है। इसी सिलसिले में सोमवार को बैठक बुलाई गई है।

बैठक में उत्तर प्रदेश के प्रभारी कांग्रेस महासचिव मधुसूदन मिस्त्री के अलावा प्रदेश अध्यक्ष निर्मल खत्री और विधायक दल के नेता प्रदीप माथुर भी मौजूद होंगे। बैठक में राहुल की आगामी रैलियों को लेकर भी विचार विमर्श किया जाएगा। साथ ही रणनीति में बदलाव को लेकर भी बात चल रही है।

बैठक में सपा को लेकर नरम रुख छोड़कर उसके खिलाफ कड़ा रुख अख्तियार करने की भी बात है। खासकर मुजफ्फरनगर दंगों में सपा और भाजपा की सांठ गांठ को बड़ा मुद्दा बनाने को लेकर पार्टी आने वाले दिनों में छोटी सभाएं और सम्मेलन करने पर सोच रही है।

इसके अलावा राहुल गांधी की अब प्रदेश में बड़े शहरों में रैलियां करने पर विचार चल रहा है। सोमवार को बैठक में राहुल प्रदेश के नेताओं से पिछले तीन महीने के कामकाज का लेखा जोखा भी मांगेंगे। साथ ही प्रदेश कांग्रेस के स्थानीय स्तर पर चलाए जा रहे कार्यक्रमों की भी समीक्षा होगी।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें