ब्रज के ठाकुर श्रीकृष्ण के प्राकट्य की अपलक प्रतीक्षा सारा ब्रजधाम कर रहा है। ब्रज के घर-घर लाला के जन्मोत्सव की तैयारियां चल रही हैं। धर्मनगरी के मंदिरों, मठों और आश्रमों में लाला के जन्मोत्सव की तैयारियां जोरों पर हैं।
विदेशी भक्त भी कैसे नंदलाल के जन्मोत्सव की तैयारियों में पीछे रह सकते हैं। इस्कान में पांच सितंबर को जन्माष्टमी मनाई जाएगी। देशी-विदेशी श्रद्धालु लाला के आगमन की तैयारियों में जुटे हैं और उस शुभ घड़ी को यादगार बनाने को आतुर हैं।
इस्कान मंदिर में महिला श्रद्धालु फूलों से शृंगार और पोशाक बनाने में जुट गई हैं। पुष्पों से जड़ित पोशाक आराध्य बाल-कृष्ण को धारण कराई जाएगी।
कनाडा की रहने वाली हिलेरी (राधिका), रूस निवासी बिशाखा ने बताया कि फूल जड़ित शृंगार में कर्णफूल, हार, कमरबंद, चोटी, मुकुट, बाजूबंद आदि बनाए जा रहे हैं।