दुराचार के आरोपी आसाराम के खिलाफ चार्जशीट दाखिल होने से उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में बिटिया के पिता ने कहा है कि उन्हें जल्द न्याय मिलने का भरोसा है।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने जोधपुर कोर्ट में आसाराम के खिलाफ बहुप्रतीक्षित चार्जशीट बुधवार को दाखिल कर दी। उनके वकील ने उन्हें फोन पर यह सूचना दी। उन्हें विश्वास है कि बेटी की आबरू से खिलवाड़ करने वाले आसाराम को जल्द सजा मिलेगी। तभी बेटी और उनके पूरे परिवार को तसल्ली मिलेगी।
उन्होंने बताया कि कोर्ट ने चार्जशीट का संज्ञान लेने के लिए 16 नवंबर की तारीख मुकर्रर की है। इसके बाद 30 दिन के अंदर बिटिया के बयान हो जाएंगे। चार्जशीट दाखिल होने के साथ ही दुराचारी के खिलाफ आधी लड़ाई जीत ली गई है।
उन्हें भरोसा है कि अब आसाराम का पुत्र नारायण साईं भी शीघ्र ही पुलिस की गिरफ्त में होगा और उसके गिरफ्तार होने से पूरे सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ हो जाएगा।