वाईएसआर कांग्रेस प्रमुख वाईएस जगनमोहन रेड्डी और बीसीसीआई प्रमुख एन श्रीनिवासन शुक्रवार को भ्रष्टाचार के एक अहम मामले में सीबीआई की विशेष अदालत में पेश हुए।
श्रीनिवासन इंडिया सीमेंट के एमडी हैं। श्रीनिवासन समेत कई उद्योगपतियों पर सहूलियतें हासिल करने के लिए जगनमोहन रेड्डी के कारोबार में गलत ढंग से निवेश करने का आरोप है।
जगन के वित्तीय सलाहकार वी विजय साई रेड्डी, उद्योगपति निमगड्डा प्रसाद, पन्ना सीमेंट इंडस्ट्रीज के प्रमोटर पी प्रताप रेड्डी, इंदु ग्रुप ऑफ कंपनीज के चेयरमैन श्यामप्रसाद रेड्डी और कुछ आईएएस अफसरों के खिलाफ इस मामले के अलग-अलग पहलुओं में दस आरोप पत्र दाखिल किए गए हैं। जगन मोहन और श्रीनिवासन के साथ ये सभी शुक्रवार को अदालत के सामने हाजिर हुए।
आंध्र प्रदेश की उद्योग मंत्री जी गीता रेड्डी, पूर्व मंत्रियों सविता रेड्डी, धर्मणा प्रसाद राव और मोपिदेवी वेंकटरमणा राव को भी इस मामले में आरोपी बनाया गया था लेकिन वे अदालत में हाजिर नहीं हुए। उनकी ओर से उनके वकील पेश हुए। अब इस मामले में 12 फरवरी को सुनवाई होगी।
यह मामला जगन मोहन रेड्डी के कारोबार में अलग-अलग कंपनियों और लोगों की ओर से गलत ढंग से निवेश करने से जुड़ा है।
ये निवेश जगन के पिता वाईएस राजशेखर रेड्डी के 2004 से 2009 के बीच मुख्यमंत्री रहते किए गए थे ताकि उन्हें इनके बदले सहूलियतें मिल सकें।
माना जाता है कि उस दौरान जगन के कारोबार में इन कंपनियों और लोगों ने सैकड़ों करोड़ रुपये का निवेश किया था।