भड़काऊ भाषण देने के आरोप में गिरफ्तार मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एमआईएम) के विधायक अकबरुद्दीन ओवैसी के समर्थन में लोगों ने ऐतिहासिक चारमीनार के पास जमकर बवाल किया। ओवैसी के समर्थकों द्वारा किए गए पथराव में पांच पुलिस वाले और कुछ मीडियाकर्मी घायल भी हो गए।
पुलिस ने बताया कि मक्का मसजिद में शुक्रवार की नमाज के बाद कुछ लोगों के समूह ने पुलिस पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। भीड़ को हटाने के लिए पुलिस को भी आंसू गैस का सहारा लेना पड़ा।
हैदराबाद पुलिस आयुक्त अनुराग शर्मा ने कहा कि प्रदर्शनकारियों को खदेड़ दिया गया है और हालात नियंत्रण में है। पत्थरबाजी की इस घटना में पुलिस मामला दर्ज करने की तैयारी में है। शर्मा ने कहा कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और बवाल करने वालों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है ताकि उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि ओल्ड सिटी के सभी संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है। यह क्षेत्र एमआईएम का गढ़ माना जाता है। नमाज के बाद प्रदर्शनकारियों ने एमआईएम के समर्थन में नारेबाजी शुरू कर दी और ओवैसी की तुरंत रिहाई की मांग करने लगे।